)
UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी भारी बारिश और जलभराव का दौर अब थम गया है. आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के ताजा अनुमान के अनुसार, रविवार 20 सितंबर को प्रदेश भर में मौसम सामान्य रहने वाला है. मौसम विभाग ने राहत देते हुए राज्य के सभी 75 जिलों को 'ग्रीन जोन' में रखा है, यानी भारी बारिश, आंधी या वज्रपात की कोई चेतावनी नहीं की गई है.
20 सितंबर को कैसा रहेगा यूपी का मौसम?
आज के वेदर की बात करें तो मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत शांत रहने की संभावना है. पिछले दिनों जिन इलाकों में बारिश का दौर देखने को मिला, वहां अब इसकी तीव्रता कम होने के आसार हैं.
जानिए पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम का हाल
पश्चिमी यूपी में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर समेत कई जिलों में बारिश को लेकर फिलहाल कोई चेतावनी नहीं है. हालांकि, स्थानीय स्तर पर बादल और उमस की स्थिति बन सकती है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 20 सितंबर के लिए IMD ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है. इसका मतलब यह है कि अगर कहीं स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश होती भी है, तो उसे लेकर भारी बारिश या खराब मौसम का अलर्ट नहीं है.
बारिश के दौर के बाद राहत
बीते दिनों उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का असर देखने को मिला था. 19 सितंबर के IMD अपडेट में पूर्वी और पश्चिमी यूपी दोनों के लिए भारी बारिश तथा गरज-चमक से जुड़ी चेतावनी थी, लेकिन 20 सितंबर के लिए दोनों क्षेत्रों में यह चेतावनी हट गई है. इस बदलाव से बारिश और जलभराव से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि, जिन इलाकों में पहले से जलभराव है, वहां स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार परेशानी बनी रह सकती है.
आगे भी फिलहाल कोई बड़ा अलर्ट नहीं
IMD की 20 सितंबर को जारी उपखंडवार चेतावनी में 21 से 26 सितंबर तक भी पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए No Warning दर्ज है. यानी आने वाले कुछ दिनों में भी फिलहाल भारी बारिश या आंधी-तूफान को लेकर कोई चेतावनी नहीं है. मौसम में बदलाव के बीच मानसून की वापसी की गतिविधियां भी आगे बढ़ रही हैं. IMD ने पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की जानकारी दी थी.