)
UP Rajya Sabha Election: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. समाजवादी पार्टी द्वारा तीसरा उम्मीदवार उतारे जाने की तमाम अटकलों पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने विराम लगा दिया है. अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर स्पष्ट किया कि पार्टी राज्यसभा में तीसरे प्रत्याशी के बजाय अब प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों (2027 चुनाव) पर ध्यान केंद्रित कर रही है.
इस ऐलान के बाद उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए होने वाला मुकाबला अब निर्विरोध होने की ओर बढ़ गया है. इसके साथ ही अखिलेश यादव सुबह 8 बजे की फ्लाइट से दिल्ली के लिए रवाना हो गए, जहां वे संसद में विपक्षी दलों के मार्च में शामिल होंगे.
अब हमारी निगाह तीन पर नहीं, चार सौ तीन पर है।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) October 6, 2026
बीजेपी के 8 और सपा के 2 प्रत्याशियों की जीत तय
अखिलेश यादव के इस फैसले के बाद राजनीतिक समीकरण पूरी तरह साफ हो गए हैं. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा सोमवार को घोषित किए गए आठों उम्मीदवार और समाजवादी पार्टी के दो उम्मीदवार (प्रो. रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी) अब बिना किसी क्रॉस वोटिंग या कड़े मुकाबले के आसानी से उच्च सदन पहुंचेंगे. संख्या बल के हिसाब से बीजेपी के पास 7 और सपा के पास 2 सीटें जिताने के वोट थे, लेकिन मैदान में केवल 10 उम्मीदवार होने से बीजेपी की 8वीं सीट भी निर्विरोध निकल जाएगी.
सपा ने आखिरी समय तक बनाए रखा था सस्पेंस
बता दें कि इससे पहले सोमवार को सपा खेमे से तीसरे उम्मीदवार के पर्चा भरने की पूरी तैयारियां कर ली गई थीं. लखनऊ सेंट्रल सीट से सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने बताया था कि पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर उन्होंने तय फॉर्म पर 10 विधायकों के बतौर प्रस्तावक हस्ताक्षर ले लिए थे.
चूंकि सपा ने 30 सितंबर को भी धनराज परिमल नथवानी के नाम का ऐलान ऐन मौके पर किया था, इसलिए माना जा रहा था कि अखिलेश यादव नामांकन के आखिरी दिन कोई सरप्राइज दे सकते हैं. हालांकि, अब अखिलेश यादव के दिल्ली रुख करने और '403 सीटों' के मैसेज के बाद राज्य का राज्यसभा चुनाव पूरी तरह से शांतिपूर्ण और निर्विरोध संपन्न होता दिख रहा है.
उत्तर प्रदेश राज्यसभा चुनाव 2026: पूरा शेड्यूल
अधिसूचना जारी -29 सितंबर 2026
नामांकन की अंतिम तारीख-6 अक्टूबर 2026
नामांकन पत्रों की जांच-7 अक्टूबर 2026
नाम वापसी की अंतिम तारीख-9 अक्टूबर 2026
मतदान की तिथि-16 अक्टूबर 2026 (सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक)
मतगणना-16 अक्टूबर 2026 (शाम 5 बजे से)