App

यूपी का अनोखा गांव जहां एंट्री से पहले लेनी पड़ती है पुलिस की परमिशन, जानिए क्यों कहलाया 'टटलुओं का गढ़'

Hathiya village in Mathura: यूपी में एक गांव ऐसा है, जहां किसी को गांव में प्रवेश करने से पहले पुलिस से अनुमति मांगनी पड़ती है. बिना पुलिस की अनुमति के इस गांव में कोई घुस नहीं सकता. इसके पीछे की वजह भी चौंका देने वाली है.

यूपी का अनोखा गांव जहां एंट्री से पहले लेनी पड़ती है पुलिस की परमिशन, जानिए क्यों कहलाया 'टटलुओं का गढ़'
Image Credit: Hathiya village in Mathura

UP Thugs Village: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक ऐसा अनोखा और चर्चित गांव है, जहां किसी भी बाहरी व्यक्ति का कदम रखना जोखिम से खाली नहीं माना जाता.  बरसाना थाना क्षेत्र में स्थित 'हथिया गांव' में अगर आपको प्रवेश करना है, तो पहले स्थानीय पुलिस की अनुमति लेनी होगी. गांव की सीमाओं पर मथुरा पुलिस द्वारा लगाए गए बड़े-बड़े चेतावनी बोर्ड इस बात की गवाही देते हैं कि यहां आपकी थोड़ी सी लापरवाही जीवन भर की गाढ़ी कमाई डुबो सकती है.

क्यों कहा जाता है इसे 'ठगों का गांव'?
मथुरा का हथिया गांव पूरे देश की पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है. इसे स्थानीय बोलचाल में 'टटलू बाजों का गांव' भी कहा जाता है. मथुरा पुलिस के अनुसार, इस गांव के अपराधियों का नेटवर्क केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि वे मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाते हैं.

पुलिस की ओर से सार्वजनिक चेतावनी 
स्थिति इतनी संवेदनशील है कि जब भी दूसरे राज्यों की पुलिस यहां किसी आरोपी को पकड़ने या दबिश देने आती है, तो ग्रामीणों के उग्र विरोध और झड़प की नौबत आ जाती है. इसी कारण सुरक्षा के लिहाज से गांव के बाहर पुलिस की ओर से सार्वजनिक चेतावनी जारी की गई है.

ठगी के हाई-टेक और पारंपरिक तरीके
गांव के शातिर ठग लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए बेहद चालाकी से काम करते हैं.

नकली सोने की ईंट का झांसा
ये ठग दावा करते हैं कि गांव में खुदाई के दौरान प्राचीन सोने की ईंटें मिली हैं. शिकार को यकीन दिलाने के लिए वे शुरुआत में एक छोटा सा असली सोने का टुकड़ा जांच के लिए देते हैं. जब खरीदार लालच में आकर मोटी रकम लेकर गांव पहुंचता है, तो उसे पीतल का टुकड़ा थमा दिया जाता है या हथियार के बल पर लूट लिया जाता है.

सस्ते स्क्रैप और इलेक्ट्रॉनिक्स का लालच
अब ठगों ने अपना तरीका बदल लिया है. ये लोग ऑनलाइन और ऑफलाइन विज्ञापनों के जरिए सस्ते लोहे का स्क्रैप, सस्ते आरओ (RO) प्लांट, लिफ्ट, जनरेटर, सीसीटीवी कैमरे और सस्ती जमीन बेचने का झांसा देकर देश भर के व्यापारियों को फंसाते हैं.

पुलिस का चेतावनी बोर्ड: क्या लिखा है गांव के मुहाने पर?
मथुरा पुलिस द्वारा गांव के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगाए गए बोर्ड में साफ़ लिखा है: "सावधान! यदि आप सस्ती सोने की ईंट, सस्ता लोहे का स्क्रैप, सस्ती जमीन या इलेक्ट्रॉनिक्स सामान (जनरेटर, आरओ प्लांट) खरीदने के इरादे से हथिया गांव जा रहे हैं, तो रुक जाएं। आप साइबर अपराध और धोखाधड़ी का शिकार हो सकते हैं। गांव में प्रवेश से पहले नजदीकी थाना (बरसाना) को सूचित करें।"

बार-बार जेल जाने और कुर्की की कार्रवाई के बावजूद गांव में सक्रिय टटलू गिरोह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं, जिसके चलते पुलिस को यह कड़ा और अनोखा कदम उठाना पड़ा है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More