)
उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक पुरानी कहावत है... जिसकी जातीय गोलबंदी मजबूत, सत्ता की राह उसके लिए उतनी आसान. कभी यादव-मुस्लिम समीकरण के सहारे समाजवादी पार्टी ने अपनी ताकत दिखाई तो कभी गैर यादव ओबीसी और दलितों को साथ लाकर बीजेपी ने सत्ता का रास्ता तैयार किया. लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक ऐसा समाज है जिसे अपने पाले में करने के लिए बीजेपी से लेकर समाजवादी पार्टी तक पूरा जोर लगा रही हैं. यह समाज है कुर्मी. खेती-किसानी से जुड़ी पहचान रखने वाला यह समुदाय अब यूपी की चुनावी राजनीति में मजबूत दावेदार बन चुका है. राजनीतिक विश्लेषक राजीव रंजन, परमवीर सिंह और संदीप श्रीवास्तव से बातचीत के आधार पर समझिए कि 2027 में कुर्मी वोटों की लड़ाई इतनी अहम क्यों होने जा रही है.
कुर्मी समाज की आबादी को लेकर अलग-अलग अनुमान सामने आते हैं. 2001 में तत्कालीन राजनाथ सिंह सरकार की सामाजिक न्याय समिति ने कुर्मी आबादी करीब 7.46 प्रतिशत आंकी थी. बाद के राजनीतिक आकलनों में भी यह आंकड़ा लगभग 7 से 7.5 प्रतिशत के आसपास माना जाता है. यानी करीब 25 करोड़ की अनुमानित आबादी वाले प्रदेश में इस समुदाय की संख्या लगभग पौने दो से दो करोड़ के बीच हो सकती है. ओबीसी समाज में कुर्मी, यादवों के बाद सबसे बड़े और प्रभावशाली समुदायों में गिने जाते हैं. इनका असर पूर्वांचल, अवध, तराई, रुहेलखंड और बुंदेलखंड तक फैला है. राजनीतिक आकलनों के मुताबिक करीब 50 सीटों पर कुर्मी मतदाता जीत-हार का अंतर तय करने की स्थिति में हैं. इसके अलावा कई सीटों पर इनकी मौजूदगी चुनावी मुकाबले को प्रभावित करती है.

कुर्मी समाज की एक खास बात यह भी है कि अलग-अलग इलाकों में इसकी पहचान अलग-अलग उपनामों से होती है. अवध और पूर्वांचल में पटेल, वर्मा, चौधरी और सैथवार नाम प्रचलित हैं. रुहेलखंड में गंगवार और वर्मा पहचान मिलती है तो कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में सचान, कटियार, निरंजन और पटेल जैसे नाम सामने आते हैं. यह विविधता इस समाज को एक ही राजनीतिक नेतृत्व या एक ही पार्टी के पीछे पूरी तरह लामबंद होने से रोकती है.
कुर्मी समाज की राजनीतिक ताकत का सफर सिर्फ मंडल आंदोलन या 1990 के दशक से शुरू नहीं होता. आजादी के बाद शुरुआती दशकों में इस समाज का बड़ा हिस्सा कांग्रेस के साथ रहा. लेकिन 1960 और 1970 के दशक में पिछड़ों की राजनीतिक हिस्सेदारी की मांग तेज हुई तो कुर्मी समाज ने भी अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश की. रामस्वरूप वर्मा ने अर्जक संघ के जरिए सामाजिक और राजनीतिक चेतना को आगे बढ़ाया. बाद के वर्षों में राम पूजन पटेल और दूसरे नेताओं ने भी इस समाज की राजनीतिक आवाज को मजबूत किया. 1980 के दशक में कांशीराम के बहुजन आंदोलन ने पिछड़े और वंचित समुदायों को राजनीतिक मंच दिया. 'जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी' का नारा पिछड़ी जातियों के बीच राजनीतिक भागीदारी की मांग को मजबूत करने वाला साबित हुआ.
इसी दौर में कुर्मी समाज के नेताओं ने अलग-अलग दलों में अपनी जगह बनानी शुरू की. समाजवादी राजनीति में बेनी प्रसाद वर्मा बड़े चेहरे के रूप में उभरे. मुलायम सिंह यादव के साथ उनकी नजदीकी और सरकार में उनकी मजबूत हैसियत ने अवध और पूर्वांचल के कुर्मी मतदाताओं को सपा से जोड़ा. दूसरी तरफ बीजेपी ने भी कुर्मी नेतृत्व को आगे बढ़ाया. ओम प्रकाश सिंह जैसे नेताओं के जरिए पार्टी ने इस समाज में अपनी पैठ बनाने की कोशिश की.
लेकिन कुर्मी राजनीति को अलग पहचान देने का सबसे बड़ा काम डॉ. सोनेलाल पटेल ने किया. उन्होंने पहले बहुजन समाज पार्टी के साथ काम किया. बाद में 1994 में कुर्मी स्वाभिमान रैली के जरिए समाज को एक राजनीतिक ताकत के रूप में संगठित करने की कोशिश की. 4 नवंबर 1995 को उन्होंने अपना दल बनाया. सोनेलाल पटेल भले ही खुद चुनावी सफलता हासिल नहीं कर सके. लेकिन उन्होंने कुर्मी समाज के बीच राजनीतिक हिस्सेदारी की जो चेतना पैदा की.. उसने यूपी की सियासत पर स्थायी असर छोड़ा.
बीजेपी ने 1990 के दशक से ही गैर यादव ओबीसी को अपने साथ जोड़ने की रणनीति पर काम किया. पार्टी को पता था कि सिर्फ सवर्ण वोटों के सहारे यूपी जैसे बड़े राज्य में सत्ता तक पहुंचना आसान नहीं है. ऐसे में कुर्मी, लोध, मौर्य, सैनी और दूसरे पिछड़े समुदायों को साथ लाने की कोशिश हुई. कल्याण सिंह जैसे नेताओं ने बीजेपी को पिछड़े वर्गों में पहचान दिलाई. बाद के वर्षों में स्वतंत्र देव सिंह, संतोष गंगवार, पंकज चौधरी और अनुप्रिया पटेल जैसे चेहरे कुर्मी समाज की राजनीति में अहम बने. बीजेपी ने अपना दल (एस) के साथ गठबंधन करके भी इस समाज के बीच अपनी पकड़ मजबूत की.
2014 से 2022 के बीच बीजेपी का गैर यादव ओबीसी आधार मजबूत रहा. 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में कुर्मी समाज के बड़े हिस्से ने बीजेपी और उसके सहयोगियों का साथ दिया. इसका फायदा पार्टी को कई क्षेत्रों में मिला. लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में तस्वीर बदली. समाजवादी पार्टी ने पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक का नारा दिया और टिकट बंटवारे में गैर यादव पिछड़ी जातियों को भी जगह दी. इसका असर कुर्मी समाज के बीच भी दिखाई दिया.
2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने कुर्मी समाज के कई नेताओं को टिकट दिया. इसका नतीजा यह रहा कि यूपी से सपा के सात कुर्मी सांसद चुने गए. बीजेपी के तीन और अपना दल (एस) की एक सांसद ने जीत दर्ज की. इस तरह यूपी से कुर्मी समाज के कुल 11 सांसद लोकसभा पहुंचे. सपा के टिकट पर लालजी वर्मा, राम प्रसाद चौधरी, उत्कर्ष वर्मा जैसे नेताओं की जीत ने यह संदेश दिया कि कुर्मी मतदाता किसी एक दल के साथ बंधा हुआ नहीं है. राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक 2024 में बीजेपी के पारंपरिक गैर यादव ओबीसी समर्थन में आई कमी के पीछे कुर्मी वोटों का एक हिस्सा भी सपा की तरफ जाना अहम वजहों में रहा. हालांकि यह कहना सही नहीं होगा कि पूरा कुर्मी समाज बीजेपी से दूर चला गया. अलग-अलग क्षेत्रों में उसका रुख अलग रहा और कई जगह बीजेपी को समर्थन भी मिला.

यही वजह है कि 2024 के नतीजों ने बीजेपी को 2027 के लिए अपनी रणनीति पर फिर से विचार करने के लिए मजबूर किया. जिस समाज को पार्टी अपने मजबूत सामाजिक आधार का हिस्सा मानती थी, उसमें सपा की बढ़ती पहुंच उसके लिए चिंता का विषय बन गई.
कुर्मी समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी का अंदाजा मौजूदा विधानसभा और सरकार में उसके प्रतिनिधित्व से भी लगाया जा सकता है. उपलब्ध राजनीतिक आकलनों के मुताबिक यूपी विधानसभा में करीब 40 कुर्मी विधायक हैं. इनमें बीजेपी के 27, समाजवादी पार्टी के 12 और कांग्रेस का एक विधायक बताया जाता है. योगी सरकार में भी कुर्मी समाज के कई नेता मंत्री पद पर हैं. इनमें स्वतंत्र देव सिंह, राकेश सचान, संजय गंगवार और आशीष पटेल के नाम शामिल हैं.
यह आंकड़ा बताता है कि बीजेपी के पास विधानसभा में कुर्मी विधायकों की संख्या के लिहाज से बढ़त है. लेकिन लोकसभा चुनाव के नतीजे दिखाते हैं कि यह बढ़त स्थायी नहीं है. 2024 में सपा ने कुर्मी समाज के ज्यादा सांसद जिताकर बीजेपी को चुनौती दी. ऐसे में 2027 में विधानसभा टिकटों का बंटवारा और स्थानीय नेताओं की भूमिका काफी अहम हो सकती है.
2027 से पहले बीजेपी ने कुर्मी समाज को साधने के लिए संगठन में बड़ा बदलाव किया. सात बार के सांसद और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी को यूपी बीजेपी की कमान सौंपी गई. यह फैसला सिर्फ संगठनात्मक बदलाव नहीं माना गया. इसे पूर्वांचल और खासकर कुर्मी समाज को राजनीतिक संदेश देने की कोशिश के तौर पर भी देखा गया. पंकज चौधरी महाराजगंज से आते हैं और लंबे समय से कुर्मी समाज के बड़े नेताओं में गिने जाते हैं. बीजेपी के पास पहले से स्वतंत्र देव सिंह और अनुप्रिया पटेल जैसे बड़े कुर्मी चेहरे हैं. योगी सरकार में कुर्मी समाज के नेताओं को अहम मंत्रालय भी मिले हैं. ऐसे में पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर पार्टी ने संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर इस समाज को प्रतिनिधित्व देने का संदेश दिया है.
बीजेपी की रणनीति का एक और अहम हिस्सा अपना दल (एस) के साथ गठबंधन है. अनुप्रिया पटेल की पार्टी का प्रभाव खासकर मिर्जापुर, प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में माना जाता है. बीजेपी को उम्मीद है कि अनुप्रिया पटेल के जरिए कुर्मी मतदाताओं के उस हिस्से को अपने साथ बनाए रखा जा सकेगा जो अपना दल के प्रभाव में है.
डॉ. सोनेलाल पटेल के निधन के बाद अपना दल दो प्रमुख धड़ों में बंट गया. एक तरफ उनकी बेटी अनुप्रिया पटेल हैं जो अपना दल (एस) की अध्यक्ष हैं और एनडीए के साथ हैं. दूसरी तरफ उनकी पत्नी कृष्णा पटेल और बेटी पल्लवी पटेल का धड़ा अपना दल कमेरावादी के नाम से सक्रिय है. पल्लवी पटेल सिराथू से विधायक हैं और सपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ चुकी हैं. यह बंटवारा सिर्फ एक परिवार की राजनीतिक लड़ाई नहीं है. इसके साथ कुर्मी समाज के वोटों का समीकरण भी जुड़ा है. अनुप्रिया पटेल के पास एनडीए का साथ और सरकार में हिस्सेदारी है. वहीं पल्लवी पटेल विपक्षी खेमे में रहकर बीजेपी के खिलाफ कुर्मी मतदाताओं को जोड़ने की कोशिश कर सकती हैं. 2027 में दोनों के बीच राजनीतिक प्रतिस्पर्धा का असर खासकर पूर्वांचल और मिर्जापुर-प्रयागराज बेल्ट में दिखाई दे सकता है.
कुर्मी समाज को साधने की लड़ाई में सपा भी पीछे नहीं है. पार्टी के पास नरेश उत्तम पटेल, लालजी वर्मा, राम प्रसाद चौधरी, भागवत चरण गंगवार, उत्कर्ष वर्मा और राकेश वर्मा जैसे नेता हैं. 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा को इन नेताओं और पीडीए के सामाजिक समीकरण का फायदा मिला. अखिलेश यादव के सामने चुनौती यह है कि 2024 में मिला कुर्मी समाज का समर्थन विधानसभा चुनाव तक कायम रहे. लोकसभा और विधानसभा चुनाव के मुद्दे अलग होते हैं. विधानसभा चुनाव में स्थानीय उम्मीदवार, क्षेत्रीय समीकरण और सरकार के कामकाज का असर ज्यादा होता है. ऐसे में सपा को सिर्फ पीडीए के नारे पर निर्भर रहने के बजाय कुर्मी समाज को राजनीतिक हिस्सेदारी का भरोसा भी देना होगा.

कुर्मी समाज के वोटों को लेकर बीजेपी और सपा के बीच मुकाबला सीधा है, लेकिन यह लड़ाई किसी एक नेता या एक नारे से तय नहीं होगी. बीजेपी के पास सरकार में हिस्सेदारी, संगठन में पंकज चौधरी जैसा बड़ा चेहरा और अनुप्रिया पटेल के साथ गठबंधन है. दूसरी तरफ सपा के पास 2024 की चुनावी सफलता, सात कुर्मी सांसदों की ताकत और पीडीए का सामाजिक समीकरण है. राजनीतिक विश्लेषक राजीव रंजन, परमवीर सिंह और संदीप श्रीवास्तव के साथ बातचीत से भी यही तस्वीर उभरती है कि कुर्मी समाज को एकमुश्त वोट बैंक मानकर नहीं देखा जा सकता. अलग-अलग क्षेत्रों में उसके अपने स्थानीय नेता और राजनीतिक प्राथमिकताएं हैं. समाज के भीतर सम्मान, प्रतिनिधित्व, शिक्षा, रोजगार और विकास जैसे सवाल भी चुनावी फैसले को प्रभावित करेंगे.