)
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जौनपुर दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2022 के मुकाबले और भी बड़ी जीत दर्ज करेगी. साथ ही अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले को फर्जी बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है.
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को जौनपुर के सुइथाकला क्षेत्र में वरिष्ठ पत्रकार हेमंत तिवारी के आवास पर आयोजित वैवाहिक समारोह में शामिल होने पहुंचे थे. इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के मुद्दे पर अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया को लेकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है. मुद्दाविहीन लोग इसी तरह की बयानबाजी करते हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है और समाजवादी पार्टी को सैफई जाना पड़ेगा.
वहीं, अखिलेश यादव की ओर से PDA में 'A' का अर्थ अच्छे अधिकारी बताए जाने पर भी केशव मौर्य ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की परिभाषा सुबह, दोपहर और शाम बदलती रहती है. उनका PDA पूरी तरह फर्जी है और इसके जरिए जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि पहले सपा के अपने दस-बीस-पच्चीस लोगों को बैठाकर PDA की परिभाषा तय कर लें.
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने बयान में एक बार फिर भरोसा जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को जनता का पहले से भी अधिक समर्थन मिलेगा और पार्टी बड़ी जीत के साथ सत्ता में वापसी करेगी. जौनपुर में डिप्टी सीएम के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में एक बार फिर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज होने के संकेत मिल रहे हैं. अब देखना होगा कि विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ दोनों दलों के नेताओं के बीच यह राजनीतिक टकराव कितना तीखा होता है.
(जौनपुर से अजीत सिंह की रिपोर्ट)