)
दौसा जिला प्रमुख की सीट पर कांग्रेस की बीना बैरवा निर्विरोध निर्वाचित हुईं. नामांकन के समय तक महज कांग्रेस की तरफ से केवल बीना बैरवा की और से नामांकन किया गया. जब कोई दूसरा नामांकन नहीं आया, तो नाम वापसी का समय पूर्ण होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौम्या झा ने कांग्रेस की बीना बैरवा को जिला प्रमुख निर्वाचित होने की घोषणा की. साथ ही बीना बैरवा को शपथ दिलाई और प्रमाण पत्र सौंपा.
दरअसल, दौसा जिला परिषद में 37 सदस्य हैं और 35 सदस्य कांग्रेस ने जीते हैं. भाजपा के ओबीसी वर्ग से दो सदस्य जीते हैं. दौसा जिला प्रमुख की सीट एससी महिला के लिए आरक्षित है. ऐसे में भाजपा के पास कोई प्रत्याशी नहीं था, जिसके चलते नामांकन नहीं हो सका.
पूर्व में बीना बैरवा सरपंच और प्रधान भी रह चुकी हैं. बीना बैरवा ने जिला प्रमुख बनने के बाद कहा कि जनता और पार्टी के नेताओं की बदौलत वह इस पद पर पहुंची हैं. ऐसे में सभी सदस्यों को साथ लेकर उनकी प्राथमिकता के अनुसार क्षेत्र के विकास को गति देंगी और बिना भेदभाव के काम किए जाएंगे.
बता दें कि दौसा विधायक डीडी बैरवा की पत्नी बीना बैरवा हैं. उनके दौसा जिला प्रमुख बनने की खुशी कांग्रेसियों ने पटाखे जलाकर मनाई. हालांकि, इस दौरान सियासी हलचल पैदा करने वाला नजारा भी देखने को मिला, जब जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौम्या झा ने बीना बैरवा को शपथ दिलाई, तब कांग्रेस का कोई बड़ा नेता जिला परिषद नहीं पहुंचा था.
ध्यान दीजिएगा कि दूसरी तरफ जैसलमेर जिला में कांग्रेस ने युवा महिला पर दांव लगाया है. महज 21 वर्ष की उम्र में संतोष कुमारी भील जैसलमेर जिला प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित हुईं. साथ ही वह जैसलमेर जिले की सबसे युवा जिला प्रमुख बन गई हैं. कांग्रेस ने वरिष्ठ नेताओं की सहमति से उन्हें जिला प्रमुख पद की जिम्मेदारी सौंपी.
संतोष कुमारी ने जिला परिषद वार्ड संख्या 21 से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर जिला परिषद में प्रवेश किया था. जिला परिषद की कुल 21 सीटों में से कांग्रेस ने 20 सीटों पर जीत दर्ज कर पूर्ण बहुमत हासिल किया. इसी के चलते उनके निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हुआ.
संतोष कुमारी ने 25 नवंबर बुधवार सुबह जिला परिषद पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया. इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर, पंचायतीराज चुनाव प्रभारी प्रहलाद गुंजल, पूर्व मंत्री शाले मोहम्मद और पूर्व विधायक रूपाराम धंदेव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
रिपोर्ट: लक्ष्मी शर्मा