'सहारनपुर में बीजेपी को इमरान मसूद ही हरा सकते हैं?' भतीजे हमजा क्या ये दावा आखिर किस आंकड़े पर है?
यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे पर तकरार बढ़ी. हमजा मसूद ने सहारनपुर की सातों सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही और अखिलेश यादव पर सवाल उठाए.
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले ही INDIA गठबंधन में सीटों को लेकर घमासान मच गया है. समाजवादी पार्टी ने 5 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए, और बस यहीं से कांग्रेस का पारा चढ़ गया. सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और उनके भतीजे हमजा मसूद ने सपा को खुली चुनौती दे दी है.
समाजवादी पार्टी को सीधी चुनौती
सहारनपुर से कांग्रेस नेता हमजा मसूद ने समाजवादी पार्टी को सीधी चुनौती दे दी है. सीट शेयरिंग को लेकर चल रही खींचतान के बीच हमजा मसूद ने कहा है कि सपा को पहले ये तय करना होगा कि उसका असली मुकाबला भाजपा से है या कांग्रेस से. उन्होंने कहा कि सपा को ये साफ करना होगा कि वो भाजपा को हराना चाहती है या कांग्रेस को कमजोर करना चाहती है. अगर मुकाबला भाजपा से है तो सीट शेयरिंग में कांग्रेस की ताकत को समझना होगा.
सामने रखे विधानसभा-लोकसभा के आंकड़े
दरअसल, सहारनपुर में मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता और सांसद इमरान मसूद के भतीजे हमजा मसूद ने सपा पर बड़ा हमला बोला. उन्होंने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव के आंकड़े गिनाते हुए कहा कि सहारनपुर में मुकाबला हमेशा से कांग्रेस और भाजपा के बीच रहा है. सपा की भूमिका यहां हमेशा हाशिए पर रही है. हमजा मसूद ने 2024 लोकसभा चुनाव के आंकड़े भी सामने रखते हुए कहा कि कांग्रेस ने यूपी में 17 सीटों पर चुनाव लड़ा और वहां उसका वोट शेयर करीब 44 प्रतिशत रहा. जबकि सपा का वोट शेयर करीब 43 प्रतिशत था. यानी कांग्रेस किसी से कम नहीं है. हमजा मसूद ने दावा किया कि कांग्रेस ही वो पार्टी है जिसने भाजपा को हराया है. उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव का हवाला दिया, जिसमें सहारनपुर से इमरान मसूद ने जीत दर्ज की थी.
हमजा ने कहा कि 2007 में बेहट का डेटा उठाएं तो हमने इंडिपेंडेंट चुनाव हराया था. उसके बाद 2012 में इनके एमएलए बने हुए हैं वो दो दूसरे और तीसरे नंबर की लड़ाई लड़ रहे थे. 2017 में हमारा प्रत्याशी 30 हजार वोट से चुनाव जीता.
आजम खान को 'असुर' कहने का मुद्दा भी उठाया
हमजा मसूद ने अपने बयान में बीजेपी नेता अपर्णा यादव की ओर से आजम खान के लिए 'असुर' शब्द इस्तेमाल किए जाने का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने सवाल किया कि एक तरफ मुस्लिम मतदाताओं से समर्थन की अपेक्षा की जाती है, वहीं दूसरी तरफ समुदाय से जुड़े नेताओं को लेकर इस तरह की टिप्पणियां की जाती हैं. हमजा ने कहा कि मुस्लिम समुदाय से सिर्फ वोट की उम्मीद करना, लेकिन उसकी राय और सम्मान को महत्व नहीं देना सही नहीं है. उन्होंने इसे गठबंधन में आपसी भरोसे और सम्मान से जोड़कर देखा. हमजा ने यह भी स्पष्ट किया कि इमरान मसूद की राजनीतिक लड़ाई परिवार के किसी सदस्य को टिकट दिलाने के लिए नहीं है. उन्होंने कहा कि उनके परिवार से कोई भी चुनाव नहीं लड़ेगा.
हमजा मसूद का ये बयान ऐसे समय में आया है जब यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों को लेकर खींचतान चल रही है. सपा ने अपनी 5 सीटें घोषित कर दी हैं, जिसके बाद कांग्रेस खेमे में नाराजगी है.
चुनाव लड़ने के सवाल पर उमा भारती ने 'औकात' का जिक्र क्यों कर दिया? आखिर किस पर नाराज
403 सीट नहीं, 1.73 लाख बूथों में छिपा है जीत का गणित; समझिए 100 वोट का खेल