App

'सहारनपुर में बीजेपी को इमरान मसूद ही हरा सकते हैं?' भतीजे हमजा क्या ये दावा आखिर किस आंकड़े पर है?

यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे पर तकरार बढ़ी. हमजा मसूद ने सहारनपुर की सातों सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही और अखिलेश यादव पर सवाल उठाए.

'सहारनपुर में बीजेपी को इमरान मसूद ही हरा सकते हैं?' भतीजे हमजा क्या ये दावा आखिर किस आंकड़े पर है?
Image Credit: UP Election 2027

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले ही INDIA गठबंधन में सीटों को लेकर घमासान मच गया है. समाजवादी पार्टी ने 5 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए, और बस यहीं से कांग्रेस का पारा चढ़ गया. सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और उनके भतीजे हमजा मसूद ने सपा को खुली चुनौती दे दी है. 

समाजवादी पार्टी को सीधी चुनौती 

सहारनपुर से कांग्रेस नेता हमजा मसूद ने समाजवादी पार्टी को सीधी चुनौती दे दी है. सीट शेयरिंग को लेकर चल रही खींचतान के बीच हमजा मसूद ने कहा है कि सपा को पहले ये तय करना होगा कि उसका असली मुकाबला भाजपा से है या कांग्रेस से. उन्होंने कहा कि सपा को ये साफ करना होगा कि वो भाजपा को हराना चाहती है या कांग्रेस को कमजोर करना चाहती है. अगर मुकाबला भाजपा से है तो सीट शेयरिंग में कांग्रेस की ताकत को समझना होगा.

सामने रखे विधानसभा-लोकसभा के आंकड़े

दरअसल, सहारनपुर में मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता और सांसद इमरान मसूद के भतीजे हमजा मसूद ने सपा पर बड़ा हमला बोला. उन्होंने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव के आंकड़े गिनाते हुए कहा कि सहारनपुर में मुकाबला हमेशा से कांग्रेस और भाजपा के बीच रहा है.सपा की भूमिका यहां हमेशा हाशिए पर रही है.  हमजा मसूद ने 2024 लोकसभा चुनाव के आंकड़े भी सामने रखते हुए कहा कि कांग्रेस ने यूपी में 17 सीटों पर चुनाव लड़ा और वहां उसका वोट शेयर करीब 44 प्रतिशत रहा. जबकि सपा का वोट शेयर करीब 43 प्रतिशत था. यानी कांग्रेस किसी से कम नहीं है. हमजा मसूद ने दावा किया कि कांग्रेस ही वो पार्टी है जिसने भाजपा को हराया है. उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव का हवाला दिया, जिसमें सहारनपुर से इमरान मसूद ने जीत दर्ज की थी.  

आजम खान को 'असुर' कहने का मुद्दा भी उठाया

हमजा मसूद ने अपने बयान में बीजेपी नेता अपर्णा यादव की ओर से आजम खान के लिए 'असुर' शब्द इस्तेमाल किए जाने का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने सवाल किया कि एक तरफ मुस्लिम मतदाताओं से समर्थन की अपेक्षा की जाती है, वहीं दूसरी तरफ समुदाय से जुड़े नेताओं को लेकर इस तरह की टिप्पणियां की जाती हैं. हमजा ने कहा कि मुस्लिम समुदाय से सिर्फ वोट की उम्मीद करना, लेकिन उसकी राय और सम्मान को महत्व नहीं देना सही नहीं है.  उन्होंने इसे गठबंधन में आपसी भरोसे और सम्मान से जोड़कर देखा. हमजा ने यह भी स्पष्ट किया कि इमरान मसूद की राजनीतिक लड़ाई परिवार के किसी सदस्य को टिकट दिलाने के लिए नहीं है. उन्होंने कहा कि उनके परिवार से कोई भी चुनाव नहीं लड़ेगा.

हमजा मसूद का ये बयान ऐसे समय में आया है जब यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों को लेकर खींचतान चल रही है. सपा ने अपनी 5 सीटें घोषित कर दी हैं, जिसके बाद कांग्रेस खेमे में नाराजगी है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान को पत्रकारतिा के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है. प्रिंट मीडिया के साथ टीवी चैनल का अनुभव भी है. डिजिटल मीडिया में गहरी पकड़ है. ग्राउंड-जीरो रिपोर्टिंग का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सीनियर सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद प्रीति चौहान ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने हिंदुस्थान समाचार (न्यूज एंजेसी के डिजिटल प्लेटफॉर्म), अमर उजाला, इंडिया वॉच और श्रीन्यूज जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ रिपोर्टिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.प्रीति चौहान से आप PREETI.CHAUHAN@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. 
Read More