)
हर साल पर किसी न किसी ग्रह का विशेष प्रभाव रहता है. अंक ज्योतिष के अनुसार साल 2027 के स्वामी चंद्रमा हैं, क्योंकि साल 2027 का जोड़ 2 (2 + 0 + 2 + 7 = 11, 1+1=2) आता है और अंक 2 के स्वामी ग्रह चंद्रमा हैं. चंद्रमा मन, मां और भावनाओं के कारक हैं, इनकी प्रवृत्ति शीतलता देने की है. आने वाला साल न्यूमेरोलॉजी (अंक ज्योतिष) के अनुसार, कुछ खास तारीखों में जन्मे लोगों के लिए विशेष शुभ साबित हो सकता है. न्यूमेरोलॉजिस्ट दिलीप गुप्ता कहते हैं कि इन लोगों को साल 2027 में धन-संपत्ति मिलने, रिश्ते मजबूत होने और करियर में तरक्की मिलने के संकेत मिल रहे हैं.
चूंकि इस साल का अंक 2 है, इसलिए मूलांक 2 (किसी भी महीने की 2, 11, 20 और 29 तारीख को जन्मे लोग) वाले लोगों को सबसे ज्यादा लाभ मिलने की संभावना कई ज्योतिषाचार्यों और अंक ज्योतिष विशेषज्ञों द्वारा जताई जा रही है. खासतौर पर मूलांक 2 के वो लोग जो कला, संगीत, मीडिया, लेखन या किसी ऐसे ही क्रिएटिव फील्ड से जुड़े हैं, उन्हें इस साल बड़ी सफलता या पहचान मिल सकती है. धन और मान-सम्मान बढ़ेगा. आपके रिश्तों में भी बेहतरी आएगी.
मूलांक 2 के अलावा भी कुछ ऐसे मूलांक हैं, जिनके जातकों को साल 2027 में बंपर लाभ होने की संभावना है. ये मूलांक हैं -
जिन लोगों का जन्म किसी भी महीने की 1, 10, 19 या 28 तारीख को हुआ हो, उनका मूलांक 1 होता है. मूलांक 1 के स्वामी सूर्य हैं. अंक ज्योतिष के अनुसार सूर्य और चंद्रमा के बीच परम मित्रता का भाव है. इसलिए चंद्रमा का साल 2027 मूलांक 1 वालों को तरक्की करने के नए-नए मौके देगा. नौकरी कर रहे हैं तो प्रमोशन मिलने के पूरे चांस हैं, लीडरशिप रोल में आ सकते हैं. कारोबार में हैं तो आपका बिजनेस इस साल खूब चमकेगा, फलेगा-फूलेगा.
किसी भी महीने की 5, 14, 23 तारीख को पैदा हुए लोगों का मूलांक 5 होता है. मूलांक 5 के स्वामी बुध भी चंद्रमा के परम मित्र ग्रह हैं. साल 2027 में मूलांक 5 को आर्थिक मजबूती मिलेगी. आप नई स्किल्स सीख सकते हैं या कोई कोर्स कर सकते हैं, जो करियर-बिजनेस में बहुत लाभ देगा. कुल मिलाकर ये साल आपके लिए नॉलेज और बैंक बैलेंस बढ़ाने वाला है.
जिन लोगों का जन्म किसी भी महीने की 6, 15 या 24 तारीख को हुआ है, उनका मूलांक 6 होगा. मूलांक 6 के स्वामी शुक्र और चंद्रमा के बीच तटस्थता का भाव है, यानी कि न मित्र हैं, न शत्रु. अंक ज्योतिष की गणना के अनुसार मूलांक 6 वालों के लिए साल 2027 प्रॉपर्टी से लाभ देगा. आप प्रॉपर्टी खरीद सकते हैं, वो भी बहुत अच्छी कीमत में. इसके अलावा जो लोग सिंगल हैं, उनकी शादी हो सकती है. खासतौर पर लव मैरिज के लिए साल अच्छा है. इसके अलावा जॉब में प्रमोशन होने या ऊंचा पद मिलने की भी संभावना है.
वहीं मूलांक 3, मूलांक 4, मूलांक 7, मूलांक 8 और मूलांक 9 वालों के लिए साल 2027 मिला-जुला रहेगा. यानी कि कभी हानि होगी तो कभी लाभ होगा.
यहां एक बात मूलांक 1 से मूलांक 9 तक सभी के लिए समझनी जरूरी है कि चंद्रमा की गति सबसे तेज होती है और वे व्यक्ति को इमोशनल भी बनाते हैं. लिहाजा साल 2027 में भावनाओं में बहकर फैसले लेने या जल्दबाजी में बड़े फैसले लेने से बचें.
(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और अंक ज्योतिष की गणनाओं पर आधारित है. ZEE NEWS इसकी पुष्टि नहीं करता है.)