)
लखनऊ: 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में मतदान केंद्रों का पूरा हिसाब-किताब बदल गया है. चुनाव आयोग ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों और 75 जिलों में बूथों का नया बंटवारा कर दिया है. अब यूपी में कुल बूथ 1,77,516 से घटकर 1,73,730 रह गए हैं। यानी कुल 3,786 बूथ कम हो गए हैं।
सीधी बात ये है - हो सकता है आपका पुराना बूथ बदल गया हो. पहले आप जहां वोट डालने जाते थे, अब आपको किसी दूसरे बूथ पर जाना पड़े. इसलिए वोट वाले दिन भागदौड़ से बचने के लिए अभी से अपना बूथ चेक कर लेना ही समझदारी है.
आयोग ने ये पुनर्गठन एक नियम से किया है-एक बूथ पर ज्यादा से ज्यादा 1,200 वोटर. इसी हिसाब से पूरे प्रदेश में बूथों को फिर से लगाया गया है. अब जो नई वोटर लिस्ट आएगी, वो इन्हीं 1,73,730 बूथों के हिसाब से बनेगी।
तरीका 1 - वेबसाइट से पता कर सकते हैं
सबसे पहले वोटर सर्विस पोर्टल पर जाएं. वहां पर अपना वोटर आईडी नंबर यानी EPIC नंबर डालकर सर्च करें. स्क्रीन पर आपका नाम और आपका नया मतदान केंद्र दिख जाएगा.
तरीका 2 - मोबाइल ऐप से पता कर सकते हैं
अपने फोन में Voter Helpline App खोलें. उसमें अपना नाम या EPIC नंबर डालें. आपका बूथ कहां है, सब पता चल जाएगा.
तरीका 3 - फोन करके पता कर सकते हैं
चुनाव आयोग की हेल्पलाइन 1950 पर कॉल करें. अपने शहर का STD कोड लगाकर भी कॉल कर सकते हैं. SMS से भी जानकारी मिल सकती है. एक जरूरी बात जानें कि नई बूथ व्यवस्था अभी अपडेट हो रही है. इसलिए ड्राफ्ट वोटर लिस्ट आने के बाद एक बार फिर से अपना बूथ जरूर चेक कर लें.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी जिलों को निर्देश दिया है-जिनका बूथ बदला है, उनको BLO यानी बूथ लेवल ऑफिसर लिखित में जानकारी देगा. BLO सुपरवाइजर और बड़े अधिकारी भी इस पर नजर रखेंगे.
आयोग ने ये भी स्पष्ट कहा है कि एक ही परिवार के सभी लोगों का नाम एक ही बूथ की लिस्ट में रखने की कोशिश की जाए. अगर ड्राफ्ट लिस्ट में आपके परिवार के नाम अलग-अलग बूथ पर दिखें, तो घबराएं नहीं. फॉर्म-8 भरकर उसे ठीक कराया जा सकता है.
सिर्फ 3,786 बूथ कम होने का मतलब ये नहीं है कि सबका बूथ बदल गया है. बदलाव सिर्फ कुछ इलाकों में हुआ है. लेकिन पुराने भरोसे पर मत रहिए. नई लिस्ट आने के बाद अपना नाम, अपना बूथ और परिवार के सभी लोगों का विवरण एक बार जरूर जांच लीजिए.