)
आकाश शर्मा/मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मुरादाबाद की राजनीति में बड़ा उलटफेर हुआ है. कांठ विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक अनीसुर्रहमान सैफी ने समाजवादी पार्टी (सपा) का साथ छोड़कर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) का दामन थाम लिया है. उन्होंने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. अनिसुर्रहमान सैफी के AIMIM में शामिल होने के बाद कांठ विधानसभा सीट पर 2027 के चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
AIMIM में शामिल होने के बाद अब इस बात की काफी संभावना जताई जा रही है कि अनीसुर्रहमान सैफी 2027 के विधानसभा चुनाव में ओवैसी की पार्टी के टिकट पर मैदान में उतर सकते हैं.हालांकि, अभी उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.
अनिसुर्रहमान सैफी 2012 के विधानसभा चुनाव में पीस पार्टी के टिकट पर कांठ सीट से चुनाव लड़े थे और जीत हासिल कर विधायक बने थे. इसके बाद 2016 में उन्होंने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया था. 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए उन्हें बीजेपी के राजेश कुमार सिंह से हार गए थे. दोनों के बीच मुकाबला काफी करीबी रहा और अनिसुर्रहमान 2,348 वोटों से चुनाव हार गए थे.
2022 के विधानसभा चुनाव में भी अनिसुर्रहमान सैफी ने कांठ सीट से दावेदारी पेश की थी, लेकिन समाजवादी पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया. पार्टी ने पूर्व मंत्री कमाल अख्तर को अपना प्रत्याशी बनाया था. कमाल अख्तर चुनाव जीतकर विधायक बने.
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2027 के चुनाव से पहले कांठ क्षेत्र में मजबूत पकड़ रखने वाले पूर्व विधायक अनीसुर्रहमान सैफी का पार्टी छोड़कर AIMIM में जाना मुरादाबाद जिले में समाजवादी पार्टी के समीकरणों को प्रभावित कर सकता है. हालांकि, कांठ सीट से AIMIM के टिकट पर उनके चुनाव लड़ने को लेकर अभी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है.