)
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की बिसात बिछनी शुरू हो गई है. इस बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने समाजवादी पार्टी (सपा) के खिलाफ अपने चुनावी नैरेटिव को धार देने के लिए नई रणनीति बना ली है. इसके तहत बीजेपी का फोकस 'तब बनाम अब' की तुलना पर है, जिसमें 2017 से पहले के सपा शासनकाल और मौजूदा सरकार के कार्यकाल के आंकड़ों को जनता के सामने रखने की योजना है.
'तब बनाम अब' का तुलनात्मक नैरेटिव
खासतौर से सपा सरकार के 2012 से 2017 तक के कार्यकाल को विशेष रूप से निशाने पर रखा जाएगा. इस अवधि में अपराध, दंगे, हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी और संगठित अपराध से जुड़े आंकड़ों को 2017 के बाद की स्थिति से जोड़कर पेश करने की तैयारी है. माफिया के खिलाफ कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट, संपत्ति कुर्की और संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस अभियान को भी चुनावी माहौल का हिस्सा बनाया जाएग.
कानून-व्यवस्था, माफिया और संगठित अपराध से लेकर बिजली, महिला सुरक्षा और गरीब कल्याण तक के मुद्दों पर तब और अब का आंकड़ा जनता के सामने रखने की योजना है.
महिला सुरक्षा पर भी होगी तुलना
महिला सुरक्षा भी भाजपा के चुनावी नॉरेटिव का अहम हिस्सा होगा. महिला हेल्पलाइन ,मिशन शक्ति, पुलिस रिस्पांस सिस्टम और थानों में महिला शिकायतों के निस्तारण जैसे उपायों की तुलना सपा शासन काल से करने की तैयारी है. पार्टी अपराध घटने के दावे के साथ एफआईआर, अपराध दर, चार्जशीट और दोष सिद्धि के आंकड़े के जरिए बदलाव करने की कोशिश करेगी.
पीडीए के मुकाबले सामाजिक विस्तार
भाजपा सपा के पीडीए के मुकाबले गैर यादव, ओबीसी गैर जाटव, दलित, सवर्ण और छोटे सामाजिक समूहों के बीच अपनी पकड़ मजबूत रखने पर जोर देगी. 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की सीट घट का 33 और सपा की बढ़कर 37 हुई थी. ऐसे में 2027 के लिए सामाजिक समीकरण भाजपा की रणनीति के केंद्र में है.
मुलायम से अखिलेश सरकार तक का हिसाब
भाजपा की रणनीति में मुलायम सिंह यादव के शासनकाल से लेकर अखिलेश यादव सरकार तक की कानून व्यवस्था को मुद्दा बनाने पर ही भी जोर है. पार्टी नेताओं के भाषणों में सपा शासन के दौरान अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर बनी धारणा का जिक्र किया जा रहा है.
इसके समानांतर 2017 के बाद माफिया के खिलाफ कार्रवाई और अपराध नियंत्रण से जुड़े आंकड़े रखे जाएंगे. कोशिश होगी की चुनावी बहस को इस सवाल पर केंद्रित किया जाए कि सपा से बेहतर बीजेपी क्यों?
उत्तर प्रदेश में भाजपा ने सपा के खिलाफ चुनावी नैरेटिव को धार देने की रणनीति पर काम तेज कर दिया है. ऐसे में अब भाजपा के नेता सपा को इन्ही मुद्दों पर घेरते हुए नजर आएंगे.
(लखनऊ से विशाल रघुवंशी की रिपोर्ट)