App

BJP का यूपी प्लान: दिल्ली-मुंबई छोड़ लखनऊ में रहेंगे यूपी प्रभारी विनोद तावड़े, बूथ स्तर पर कसेंगे संगठन की कसौटी

UP Bjp Election Strategy 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को चुनावी मोड में लाने की तैयारी तेज कर दी है. पार्टी अब सिर्फ बैठकों और रणनीतिक चर्चाओं तक सीमित रहने के बजाय संगठन की जमीनी स्थिति को परखने पर फोकस कर रही है. इसी रणनीति के तहत यूपी प्रभारी विनोद तावड़े लगातार उत्तर प्रदेश में कैंप करेंगे.

BJP का यूपी प्लान: दिल्ली-मुंबई छोड़ लखनऊ में रहेंगे यूपी प्रभारी विनोद तावड़े,  बूथ स्तर पर कसेंगे संगठन की कसौटी
Image Credit: vinod tawde lucknow stay

विशाल सिंह/UP Assembly Elections: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को चुनावी मोड में लाने की तैयारी तेज कर दी है.  पार्टी अब सिर्फ बैठकों और रणनीतिक चर्चाओं तक सीमित रहने के बजाय संगठन की जमीनी स्थिति को परखने पर फोकस कर रही है. इसी रणनीति के तहत यूपी बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े लगातार प्रदेश में कैंप करेंगे. तावड़े लखनऊ को अपना मुख्य बेस बनाएंगे और चुनाव तक संगठन की गतिविधियों की लगातार निगरानी करेंगे. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, लखनऊ में उनके रहने के लिए आवास की तलाश भी की जा रही है.

लखनऊ में रहकर चुनावी तैयारियों पर फोकस
यूपी बीजेपी प्रभारी अब बार-बार दिल्ली और मुंबई से लखनऊ आने के बजाय ज्यादातर समय राजधानी में रहकर चुनावी तैयारियों पर फोकस करेंगे. लखनऊ को मुख्य बेस बनाने से तावड़े प्रदेश संगठन के कामकाज की लगातार निगरानी कर सकेंगे. इसके साथ ही, अलग-अलग जिलों के दौरे और स्थानीय नेताओं के साथ बैठकें भी आसानी से की जा सकेंगी.पार्टी सूत्रों के मुताबिक, आने वाले महीनों में यूपी बीजेपी संगठन और चुनावी तैयारियों में तावड़े की सक्रियता काफी बढ़ने वाली है. प्रभारी के तौर पर अपने पहले दौरे में भी तावड़े इसके संकेत दे चुके हैं.

करीब 15 जिलों का दौरा करेंगे तावड़े
लखनऊ को बेस बनाने के बाद विनोद तावड़े जल्द ही संगठनात्मक लिहाज से करीब 15 जिलों का दौरा कर सकते हैं. इन दौरों में जिला और विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठकें होंगी. लखनऊ से इन जिलों तक पहुंचना आसान होने के साथ ही समय की भी बचत होगी. इन बैठकों में सिर्फ चुनावी रणनीति पर चर्चा नहीं होगी, बल्कि बूथ स्तर तक संगठन की स्थिति का फीडबैक भी लिया जाएगा. किन विधानसभा क्षेत्रों में बीजेपी का संगठन मजबूत है, कहां कार्यकर्ताओं की सक्रियता कम है और किन जगहों पर संगठनात्मक कमियां हैं, इसकी जानकारी जुटाई जाएगी.

छह संगठनात्मक क्षेत्रों पर नजर
बीजेपी ने संगठनात्मक लिहाज से उत्तर प्रदेश को छह क्षेत्रों में बांट रखा है. ऐसे में तावड़े का फोकस सिर्फ लखनऊ में होने वाली बैठकों तक सीमित नहीं रहेगा. उनका उद्देश्य अलग-अलग संगठनात्मक क्षेत्रों में जाकर पार्टी की जमीनी तैयारी को समझना और जरूरत के मुताबिक सुधार करना होगा.

दौरों के दौरान स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से बूथ की स्थिति का फीडबैक लिया जाएगा. इसके साथ ही विधानसभा स्तर पर संगठन की सक्रियता और चुनावी तैयारियों की भी समीक्षा होगी. जहां संगठन में कमी सामने आएगी, वहां उसे दूर करने की कोशिश की जाएगी.

चुनाव से पहले कमजोर कड़ियों की पहचान
बीजेपी की इस रणनीति का मकसद चुनाव से काफी पहले संगठन की कमजोर कड़ियों की पहचान करना है. पार्टी बूथ से लेकर विधानसभा स्तर तक अपनी तैयारियों को मजबूत करना चाहती है, ताकि 2027 के चुनाव के दौरान किसी भी स्तर पर अचानक सामने आने वाली संगठनात्मक चुनौती से निपटा जा सके. लखनऊ को अपना बेस बनाकर तावड़े का लगातार प्रदेश में रहना इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. आने वाले महीनों में उनके जिलों के दौरे और संगठनात्मक बैठकों के जरिए बीजेपी की चुनावी तैयारियों को और धार देने की कोशिश होगी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More