)
Vishal Singh/UP BJP Core Committee Meeting: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है. लखनऊ में 25 सितंबर को बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक प्रस्तावित है. बैठक में राज्यसभा की 10 और विधान परिषद की 11 सीटों के लिए पार्टी के संभावित उम्मीदवारों के नामों पर मंथन किया जाएगा. राज्यसभा की 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होना है, जबकि विधान परिषद की 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को वोटिंग होगी.
बताया जा रहा है कि भाजपा नेतृत्व इससे पहले दिल्ली में दावेदारों के नामों को लेकर दो दौर की चर्चा कर चुका है. अब लखनऊ में होने वाली बैठक में संभावित नामों पर अंतिम स्तर पर विचार किया जाएगा. इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी के साथ प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जा सकती है.
कोर कमेटी की बैठक में कौन-कौन रहेगा मौजूद?
कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के शामिल होने की बात सामने आई है. पार्टी के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े भी बैठक में शामिल हो सकते हैं. उनके साथ यूपी के लिए नियुक्त किए गए चार सह-प्रभारियों के भी बैठक में मौजूद रहने की संभावना है. इस बैठक में निगम, बोर्ड एवं आयोग के सैकड़ों खाली पदों पर समायोजन के लिए चेहरों पर मुहर लगाई जानी है. विधान सभा चुनाव में चुनाव में ज्यादा वक्त नहीं है, ऐसे में पार्टी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को पद देकर उन्हें सम्मान दे सकती है.
निगम-बोर्ड और आयोगों में भी नियुक्तियों पर चर्चा
राज्यसभा और विधान परिषद के उम्मीदवारों के साथ ही बैठक में निगम, बोर्ड और आयोगों में खाली पदों पर नियुक्तियों को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है. इन संस्थाओं में लंबे समय से खाली चल रहे पदों पर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को जिम्मेदारी देने के लिए नामों पर विचार किया जा सकता है. आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए इन नियुक्तियों को संगठन के स्तर पर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पार्टी के सामने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने का अवसर है। ऐसे में खाली पदों पर नियुक्तियों के जरिए संगठन से जुड़े लोगों को अलग-अलग संस्थाओं में प्रतिनिधित्व दिया जा सकता है.
चुनावी लिहाज से अहम हैं दोनों चुनाव
उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं. उससे पहले राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई है. राज्यसभा की 10 सीटों के मौजूदा समीकरण में बीजेपी के पास आठ, जबकि सपा और बसपा के पास एक-एक सीट है.
वहीं विधान परिषद की 11 सीटों पर होने वाला चुनाव स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़ा है. इन चुनावों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा.
ऐसे में 25 सितंबर की भाजपा कोर कमेटी बैठक में होने वाली चर्चा पर पार्टी के भीतर और राजनीतिक गलियारों में नजर रहेगी. बैठक में प्रत्याशियों के नामों के साथ संगठन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण फैसलों पर भी मंथन होने की संभावना है.