विजयदशमी के दिन मातम! रामपुर और सोनभद्र में दो भीषण सड़क हादसे, 4 लोगों की दर्दनाक मौत
उत्तर प्रदेश में विजयादशमी के दिन रामपुर और सोनभद्र में हुए दो सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई. दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है.
अरविंद दुबे/सुरेश दिवाकर: विजयादशमी के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश के रामपुर और सोनभद्र जिलों में दो अलग-अलग सड़क हादसों ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया. दोनों भीषण दुर्घटनाओं में कुल चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया. वहीं, पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
कार और कैंटर की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत, दो युवकों की दर्दनाक मौत
यूपी के रामपुर में रफ्तार और एक छोटी सी चूक ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. बिलासपुर-नैनीताल हाईवे पर कार और कैंटर की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में कार सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई,जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. बताया जा रहा है कि कार का अगला टायर पंचर होने के बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क की दूसरी तरफ पहुंच गई,जहां सामने से आ रहे कैंटर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं, जबकि घायल युवक को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है.
कहां पर हुआ हादसा
दरअसल भीषण सड़क हादसे की यह घटना रामपुर के बिलासपुर-नैनीताल हाईवे की है. जानकारी के मुताबिक,भोट थाना क्षेत्र के गांव खूंटाखेड़ा निवासी आदर्श अपने दोस्त प्रमोद और अंकुर के साथ स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर बिलासपुर से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान हाईवे पर अचानक कार का अगला टायर पंचर हो गया. टायर पंचर होने से कार अनियंत्रित हो गई और सड़क की दूसरी तरफ पहुंच गई. इसी बीच सामने से आ रहे कैंटर से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई,जबकि तीसरा युवक अंकुर गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई.
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना पर भोट थाना पुलिस और बिलासपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया,वहीं गंभीर रूप से घायल अंकुर को इलाज के लिए सीएचसी बिलासपुर ले जाया गया.यहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया.
मृतकों के परिवारों में कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया.फिलहाल पुलिस हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है. इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक बार फिर हाईवे पर सफर के दौरान सावधानी बरतने और वाहनों की तकनीकी स्थिति दुरुस्त रखने की अहमियत को सामने ला दिया है.
दूसरा हादसा
सोनभद्र में दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की मौत, तीन गंभीर
यूपी के सोनभद्र में रफ्तार का कहर देखने को मिला. दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आनन-फानन में सभी घायलों को सीएचसी म्योरपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.मामले की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा शवों को कब्जे में लेकर दुद्धी पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया. पुलिस द्वारा घटना में आगे की कार्रवाई जारी.विजयदशमी के दिन हुए इस सड़क हादसे से घटना संबंधित इलाके में खुशियां मातम में बदल गई.
कहां का है पूरा मामला
पूरा मामला म्योरपुर थाना क्षेत्र के बीजपुर-मुर्धवा मार्ग का है, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और पांच युवक हादसे का शिकार हो गए. जानकारी के मुताबिक, आश्रम मोड़ निवासी दीपक, रविंद्र और धर्मेंद्र एक बाइक पर सवार होकर किरबिल की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक पर सवार देवरी गांव निवासी सूरज और सुरेंद्र की बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई.
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी. सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दीपक और सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया.वहीं, रविंद्र, धर्मेंद्र और सूरज की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. हादसे में दो युवकों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है. फिलहाल, म्योरपुर-मुर्धवा मार्ग पर हुए इस भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं, जबकि तीन युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं.
त्योहार के दिन हुई इन दिल दहला देने वाली घटनाओं से दोनों ही इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.