)
वेदेन्द्र प्रताप शर्मा/आजमगढ़: आजमगढ़ के अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम को पूजा के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. बताया गया कि बाजार से घर पहुंचे अरविंद सिंह के घर पर पूजा हो रही पंडितों से आधार कार्ड मांगने को लेकर विवाद हो गया. आरोप है कि उसी दौरान अरविंद ने घर में रखी पिस्टल से फायरिंग कर दी, गोली लगने से उसकी पत्नी बबीता समेत दो पंडितों की मौत हो गई. मृतकों में पंडित महेंद्र पाठक और एक अन्य पंडित बताए जा रहे हैं. फिलहाल आरोपी फायरिंग के बाद घर में खुद को बंद कर लिया, जहां कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाने का प्रयास कर रही.
यह है पूरा मामला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम को अरविंद सिंह के घर में पूजा चल रही थी. घर में चार पंडित, अरविंद की पत्नी बबीता और उनके बच्चे मौजूद थे. शाम करीब 6-7 बजे अरविंद बाजार से घर पहुंचे, जहां घर में पूजा होते देखकर उन्होंने पंडितों से जानकारी ली. इसके बाद पंडितों से आधार कार्ड मांगना शुरू कर दिया. इसी बात को लेकर उनके बीच बहस होने लगी. आरोप है कि विवाद के दौरान अरविंद ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी.
पत्नी समेत 3 की गोली लगने से मौत
गोली लगने से उनकी पत्नी बबीता और दो पंडित घायल हो गए, जहां कुछ देर बाद तीनों की मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी में राइफल से भी एक गोली चलाए जाने की बात सामने आ रही है. फायरिंग होते ही पूजा में शामिल अन्य पंडित मौके से भाग निकले. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच में लगे. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
बड़े भाई की हत्या के बाद डिप्रेशन में था आरोपी
बताया जा रहा है कि आरोपी अरविंद सिंह के बड़े भाई गुड्डू सिंह का 3 साल पहले आपसी रंजीत को लेकर मर्डर हुआ था, जिसके चलते वह डिप्रेशन में चल रहे थे. यहां अरविंद की पत्नी शांतिपाठ व अन्य पूजा करवाना चाह रही थीं, जिसका वह विरोध कर रहे थे. वहीं, इस घटना के बाद पुलिस हथियार समेत फायरिंग से जुड़े साक्ष्य संकलन करने में लगी है. घटना के कारणों और मौतों की आधिकारिक स्थिति पुलिस जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी.
पुलिस जांच में जुटी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि मौके से हथियार बरामद कर लिए गए हैं. पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है. वहीं, माहौल तनावपूर्ण न होने पाए, इसलिए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है. जांच के लिए टीम का गठन कर दिया गया है.