)
मोहम्मद गुफरान/प्रयागराज: प्रयागराज में शिक्षा निदेशालय के बाहर पुरानी नियमावली और पुराने पैटर्न के आधार पर टीजीटी पीजीटी परीक्षा कराए जाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन लगातार जारी है. बीती पूरी रात बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शिक्षा निदेशालय के परिसर में धरने पर बैठे रहे. कई अभ्यर्थी आमरण अनशन पर हैं, जो रामनामी चादर को कफन ओढ़कर लेटे हैं. वहीं, सुबह बड़ी संख्या में अभ्यर्थी समर्थन देने के लिए पहुंचे तो शिक्षा निदेशालय के गेट पर पुलिसकर्मियों ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया.
शिक्षा निदेशालय पर डटे अभ्यर्थी
इस दौरान अभ्यार्थियों और पुलिस के बीच नोकझोंक के भी हालत बन गए. अभ्यर्थी निदेशालय परिसर के अंदर जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग करके रोक लिया. इसके बाद गेट के बाहर ही अभ्यर्थियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है. काफी अभ्यर्थी 21 सितंबर से ही निदेशालय परिसर के अंदर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. अभ्यर्थियों के आक्रोश को देखते हुए सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
लिखित आश्वासन नहीं मिलने तक जारी रहेगा प्रदर्शन
शिक्षा निदेशालय परिसर के अंदर और बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है. अभ्यर्थी भी अपनी मांगों पर अड़े हैं. अभ्यर्थियों का साफ कहना है कि जब तक पुरानी नियमावली के जरिए टीजीटी पीजीटी परीक्षा कराए जाने का लिखित आश्वासन नहीं मिलता है तब तक यह धरना प्रदर्शन जारी रहेगा. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नई भर्ती का नोटिफिकेशन आने वाला है. पुरानी नियमावली से ही नई भर्ती कराई जाए.
पुराने अभ्यर्थियों के लिए होगी दिक्कत
अभ्यर्थियों ने कहा कि 10-15 साल से तैयारी कर रहे हैं. नियमावली में बदलाव करने पर उनके लिए मुश्किल हो सकता है. बता दें कि टीजीटी 2022 के अधिकांश विषयों के नतीजे घोषित हो चुके हैं. अंग्रेजी समेत कुछ विषयों में आउट आफ सिलेबस प्रश्न पूछे जाने को लेकर मामला कोर्ट में विचाराधीन है. इसके चलते इन विषयों के फाइनल नतीजे नहीं आ पाए हैं.