App

कानपुर में सपा विधायक का हंगामा: पुलिस की बर्बरता पर चौकी के अंदर धरने पर बैठे अमिताभ बाजपेई

Kanpur News: कानपुर पुलिस पर बर्बरता का आरोप लगाकर सपा विधायक अमिताभ बाजपेई चौकी के अंदर धरने पर बैठ गए. सपा विधायक ने पुलिस पर बेकसूर को पीटने का आरोप लगाया है.

कानपुर में सपा विधायक का हंगामा: पुलिस की बर्बरता पर चौकी के अंदर धरने पर बैठे अमिताभ बाजपेई
Image Credit: SP MLA Protest in Kanpur

प्रवीण पांडेय/कानपुर: कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र की सिरकी महाल चौकी में चोरी के शक में हिरासत में लिए गए एक युवक को पुलिस द्वारा बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है. घटना की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेई स्थानीय लोगों के साथ चौकी पहुंचे और जमकर हंगामा किया. परिजनों का आरोप है कि पुलिस युवक को रात भर चौकी में बंद रखकर पट्टे से पीटती रही. मौके पर पहुंचे सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने हाथ में पट्टा लेकर पुलिस की कार्यशैली पर कड़ा ऐतराज जताया और इसे मानवाधिकारों का हनन बताया.

सपा विधायक ने चौकी का घेराव किया  
सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा कि पीड़ित अमन अग्रवाल बेकसूर है और रात में जानवरों की सेवा करता है. पुलिस ने बिना किसी सबूत के, केवल पास की एक गली के सीसीटीवी में दिखने के आधार पर उसे उठा लिया. उन्होंने पीड़ित का तुरंत मेडिकल कराने और पट्टे की फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की है. पीड़ित युवक की पत्नी आकांक्षा के मुताबिक, देर रात करीब 12 बजे सादे कपड़ों में आए 7-8 पुलिसकर्मी पूछताछ के नाम पर उनके पति को ले गए थे.

पत्नी ने लगाए ये आरोप 
परिजनों को रात में ही चौकी से भगा दिया गया और उसके बाद युवक की पिटाई की गई. उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल किसी रास्ते से गुजरने या सीसीटीवी में आ जाने से कोई चोर साबित नहीं हो जाता. पीड़ित की पत्नी आकांक्षा का कहना है कि उनके पति अक्सर जानवरों की सेवा करने के लिए रात में निकल जाते हैं. वह आवारा पशुओं को भोजन आदि की व्यवस्था करते हैं.

पुलिस ने पिटाई के आरोप को बेबुनियाद बताया 
दूसरी तरफ पुलिस ने मारपीट के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है. एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय ने बताया कि घूमनी बाजार में एक घर से 3 किलो चांदी और करीब 3 लाख रुपये नकद चोरी हुए थे. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए चौकी लाया गया था. पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान मारपीट की बात बेबुनियाद है और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. 

चौकी पर पहुंचे लोगों ने पुलिस सहायता केंद्र के पोस्टर पर पुलिस प्रताड़ना केंद्र की पर्ची भी लगा दी. इतना ही नहीं सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने पीड़ित के मेडिकल टेस्ट कराने के लिए अड़े रहे. सपा विधायक के साथ पीड़ित युवक के परिवार के लोग भी धरने पर बैठे रहे और न्याय की मांग की.  

यह भी पढ़ें :  'अखिलेश आज हल्के-फुल्के अंदाज में बात कर रहे हैं' : जयंत चौधरी ने पुराने गठबंधन के राज खोलने का दिया संकेत
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. अमितेश ने पत्रकारिता की पढ़ाई प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More