)
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने सीएम योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर शोक संवदेना व्यक्त की है. जेल से बाहर आए सपा नेता आजम खान ने कहा कि हमारी संवेदनाएं उनके साथ हैं और हम प्रार्थना करते हैं कि ईश्वर उन्हें धैर्य प्रदान करें. सपा नेता आजम खान शुक्रवार को मुरादाबाद पहुंचे थे.
दरअसल, आजम खान मुरादाबाद के समाजवादी पार्टी के नेता यूसुफ मलिक के बेटे के इंतकाल के बाद परिवार से मिलने पहुंचे थे. वह मुरादाबाद के कांठ रॉड स्थित बड़ी मस्जिद पहुंचे थे. बाहर निकलने पर मीडिया से बातचीत के दौरान आजम खान ने सीएम योगी की मां के निधन पर दुख जताया और कहा कि बड़ा सदमा है. ईश्वर उन्हें सब्र रखने की शक्ति दे. मां जैसी दौलत कहां होती है.
#WATCH | Moradabad, Uttar Pradesh: On the demise of Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath's mother, Savitri Devi, Samajwadi Party leader Azam Khan says, "...Our sympathies are with him, and we pray that the Almighty grants him patience..." https://t.co/jGT0KfMmsr
— ANI (@ANI) November 20, 2026
बता दें कि सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन हो गया. उन्होंने उत्तराखंड के पंचूर गांव में अंतिम सांस ली. मां के निधन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार में शोक की लहर है. ऋषिकेश में अंतिम संस्कार किया जाएगा. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक संवेदना व्यक्त की. सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की माताजी सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है. मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है. उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है.
दरअसल, शुक्रवार को गोरखपुर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उनकी मां सावित्री देवी के निधन की सूचना मिली. मां के निधन की खबर सुनते ही मुख्यमंत्री भावुक हो गए, लेकिन उन्होंने कार्यक्रम को बीच में नहीं छोड़ा. अपना संबोधन पूरा किया और करीब 50 हजार युवाओं को टैबलेट वितरण की सौगात देकर कार्यक्रम को संपन्न कराया. योगी आदित्यनाथ के इस फैसले ने एक बार फिर उनके संन्यासी जीवन और सार्वजनिक दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता को चर्चा में ला दिया है.
योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया. जिस वक्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को यह दुखद सूचना मिली, उस वक्त वह अपनी कर्मभूमि गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम में मौजूद थे. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंच पर मौजूद पूर्व आईएएस अधिकारी अवनीश अवस्थी और सांसद रवि किशन को सबसे पहले इस दुखद खबर की जानकारी मिली. इसके बाद मुख्यमंत्री को उनकी मां के निधन की सूचना दी गई. निजी जीवन के इस बेहद दुखद क्षण में भी मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को बीच में रोकने के बजाय अपना संबोधन पूरा किया और युवाओं के बीच बने रहे.