)
जब इंडियन सिनेमा के दो सबसे शानदार परफॉर्मर्स धनुष और ममूटी एक साथ बड़े पर्दे पर आएं और उनके साथ साई पल्लवी जैसी बेमिसाल अदाकारा जुड़ जाएं, तो ऑडियंस की उम्मीदें अपने आप सातवें आसमान पर पहुंच जाती हैं. सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी फिल्म OM: OPERATION MOLE कुछ ऐसा ही मिक्सचर पेश करती है. ये फिल्म सिर्फ बड़े नामों के भरोसे आगे नहीं बढ़ती, बल्कि इसमें एक्शन, क्राइम, सस्पेंस और इमोशन का ऐसा तड़का है जो शुरू से आखिर तक ऑडियंस को सीट से बांधे रखता है. कहानी एक अंडरकवर मिशन, अपराध के अंधेरे नेटवर्क और लाल चंदन की अवैध तस्करी के आसपास बुनी गई है, जिसे बड़े पैमाने पर पर्दे पर उतारा गया है.
इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत धनुष का परफॉर्मेंस है. उनके एक्शन सीन में जो फुर्ती, एग्रेसिवनेस और स्वैग दिखता है, वो फैंस को खूब पसंद आएगा. अच्छी बात ये है कि वो सिर्फ मारधाड़ तक सीमित नहीं रहते, बल्कि अपने किरदार की इमोशनल परतों को भी उतनी ही संजीदगी से जीते हैं. दूसरी तरफ, ममूटी अपनी गंभीर शख्सियत और सधे हुए अंदाज से कहानी को एक अलग ही वजन देते हैं. साई पल्लवी एक निडर पुलिस अफसर के रोल में पूरी तरह जंचती हैं, जबकि श्रीलीला का अट्रैक्शन और नसीरुद्दीन शाह का तजुर्बा फिल्म की कास्टिंग को और भी मजबूत बनाते हैं.
'अमरन' के बाद निर्देशक राजकुमार पेरियासामी इस बार एक अलग तरह के थ्रिलर के साथ आए हैं. उन्होंने अंडरकवर ऑपरेशन और तस्करी की दुनिया के रहस्यों को परत-दर-परत खोलने की कोशिश की है. कहानी में आने वाले ट्विस्ट और सस्पेंस ऑडियंस को आगे जानने के लिए एक्साइटेड रखते हैं, हालांकि कुछ जगहों पर कहानी थोड़ी धीमी और खिंची हुई महसूस होती है. इसके बावजूद, कलाकारों की एक्टिंग और रोमांचक मोड़ फिल्म की पकड़ को ढीला नहीं पड़ने देते.

टैक्निकल रूप से 'ऑपरेशन मोल' ऑडियंस को एक बड़ा थिएट्रिकल एक्सपीरियंस देती है. घने जंगलों और कुदरती लोकेशन्स की सिनेमैटोग्राफी बेहद सुंदर है. एक्शन सीन में कैमरा वर्क और सिंगल-टेक शॉट्स फिल्म को बाकी फिल्मों से अलग खड़ा करते हैं. वहीं, साई अभ्यंकर का बैकग्राउंड स्कोर और म्यूजिक तनावपूर्ण पलों में रोमांच को दोगुना कर देता है. बड़े पर्दे के लिहाज से इसके विजुअल्स और एक्शन कोरियोग्राफी काफी प्रभावी लगते है.
आपको थ्रिलर, अंडरकवर मिशन, जबरदस्त एक्शन और सस्पेंस से भरपूर कहानियां पसंद हैं, तो ये फिल्म आपके लिए एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है धनुष, ममूटी और साई पल्लवी की मौजूदगी इसे खास बनाती है. थोड़ी-बहुत सुस्ती के बावजूद, बड़े पर्दे पर एक्शन और ड्रामा का मजा लेने वालों के लिए ये फिल्म एक अच्छा एक्सपीरियंस साबित हो सकती है.