)
नशे के खिलाफ जी न्यूज का 'नशा मुक्त भारत' अभियान लगातार जारी है. इसी मुहिम को आगे बढ़ाते हुए सहारनपुर पुलिस ने नशे के सौदागरों पर बड़ा प्रहार किया है. ऑपरेशन सवेरा के तहत पुलिस ने एक महिला समेत चार नशा तस्करों पर शिकंजा कसा है जिनके कब्जे से एक करोड़ 31 लाख रुपये से ज्यादा की स्मैक बरामद हुई है
सहारनपुर पुलिस के इस एक्शन से नशा तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है. योगी फोर्स ने सहारनपुर में चार नशा तस्करों को धर दबोचा. पकड़े गए गुनहगारों में एक महिला भी शामिल है.
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 655 ग्राम स्मैक बरामद की गई है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में उसकी कीमत करीब 1 करोड़ 31 लाख रुपये आंकी गई है. इसके साथ ही, आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन भी मिले हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नानू उर्फ शकील, सय्यद शेखावत, मोनू उर्फ फरमान और उसकी पत्नी शबनम उर्फ शगुफ्ता के तौर पर हुई है.
पुलिस जांच में सामने आया है कि मोनू उर्फ फरमान के खिलाफ NDPS एक्ट के तीन मामले पहले से दर्ज हैं, जबकि नानू का भी आपराधिक इतिहास रहा है. जिले के एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.
नशीले पदार्थ की इस खेप के पकड़े जाने से इलाके के नशा नेटवर्क में हड़कंप मच गया है. पुलिस अब इस पड़ताल में जुटी है कि स्मैक की ये खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे नशे के कारोबार का कितना बड़ा नेटवर्क शामिल है?
नशे के खिलाफ योगी फोर्स का सख्त एक्शन बताता है कि तस्करों के लिए अब कोई भी जगह सुरक्षित नहीं है. सहारनपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने नशे के सौदागरों को साफ संदेश दिया है कि युवाओं को बर्बाद कर रहे इस अवैध कारोबार पर अब सीधा प्रहार होगा. 'नशा मुक्त भारत' के संकल्प के साथ ज़ी न्यूज की ये मुहिम आगे भी जारी रहेगी.
जी मीडिया भी नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चला रहा है. आप चाहें तो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर हैशटैग #NashamuktBharat लिखकर Zeenews को टैग कर सकते हैं. इसके साथ ही, आप मोबाइल नंबर 9310497453 पर व्हाटसऐप मैसेज करके अपने आसपास ड्रग्स तस्करी में लगे लोगों की जानकारी दे सकते हैं. आपकी जानकारी पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी और उसे संबंधित एजेंसियों तक पहुंचाकर कार्रवाई करवाने की कोशिश की जाएगी.
(सहारनपुर से ज़ी मीडिया के लिए नीना जैन की रिपोर्ट)