App

नशे की लत ने उजाड़े घर, बच्चों तक पहुंचा जहर... पढ़े पीड़ितों की दर्दनाक कहानियां उन्हीं की जुबानी

बिहार में शराबबंदी से पहले भी ड्रग का प्रभाव नहीं था, लेकिन 30 से 40 प्रतिशत ही था. मिली जानकारी के अनुसार, 2016 में जब बिहार सरकार ने शराब पर पाबंदी लगाई, तो ड्रग का जाल बढ़ गया, जो अभी 80 प्रतिशत हो गया है.

नशे की लत ने उजाड़े घर, बच्चों तक पहुंचा जहर... पढ़े पीड़ितों की दर्दनाक कहानियां उन्हीं की जुबानी
Image Credit: नशे की लत ने उजाड़े घर, बच्चों तक पहुंचा जहर (AI IMAGE)

नशे के चंगुल में सालों रहने के बाद जब कोई इससे उबरता है, तो उसे अहसास होता है कि नशे में डूबने के बाद उसने क्या खोया. आज हम आपको जिनसे रूबरू करा रहे हैं, इन्होंने नशे के कारण अपना व्यवसाय तो खोया ही, साथ ही अपनी पत्नी और परिवार को भी खो दिया. जब नशे के सेवन से हुए नुकसान का आकलन किया गया और सुधार की प्रक्रिया शुरू हुई, तो बस गहरा पछतावा ही रह गया. 

पहली कहानी प्रभु की है. प्रभु को नशे की लत 9वीं क्लास में ही लग गई थी, जब दोस्तों ने शराब पिलाई थी. शराब की पहली घूंट ने प्रभु को अपनी गिरफ्त में ले लिया और आज प्रभु कहते हैं कि इलेक्ट्रिक की प्लेट बनाने की फैक्ट्री खत्म हो गई, पत्नी साथ छोड़ गई, बड़ा भाई सीधे मुंह बात नहीं करता और बैंक में रखे पैसे नशे ने ले लिए. प्रभु ने पटना से इलाहाबाद तक पढ़ाई की और पीजी करने तक नशे में डूब गया. शराब की हर घूंट में उसे सुकून दिखता था और यही सुकून उसे कोमा तक ले गया. मेमोरी लैप्स के कारण पिछले 9 महीनों की कोई घटना प्रभु को याद तक नहीं है. अब प्रभु ने नशे से तौबा कर ली है और दिशा नशा मुक्ति केंद्र में अपना इलाज करा रहा है. 

इसी तरह 14 साल का छात्र पटना के शास्त्रीनगर स्कूल में 5वीं कक्षा का छात्र है और अभी यह नशे के चंगुल से निकलने के लिए जद्दोजहद कर रहा है. इस बच्चे ने बताया कि वह पूरी तरह नशे की गिरफ्त में चला गया था. व्हाइटनर की स्मेल से नशा करना इसकी आदत हो गई थी और इसके लिए यह घर में चोरी करने लगा था. धीरे-धीरे यह स्कूल बंक कर नशेड़ियों के साथ रहने लगा. जब इसके नशे की जानकारी इसके परिजनों को हुई और इस पर निगाह रखी जाने लगी, तो यह बेचैन होने लगा. आखिरकार इसके परिजनों ने नशामुक्ति केंद्र का सहारा लिया. आज यह कहता है कि अब कभी भी नशा नहीं करेगा. इसको अब व्हाइटनर के नशे से नफरत हो गई है.

एक और लड़का नीरज है, जो पटना सिटी का रहने वाला है. नीरज स्मैक का आदी हो गया था. स्मैक पीने के लिए इसने कम उम्र में ही ठेला खींचना शुरू किया और दिन भर की कमाई सुबह-शाम स्मैक में खर्च कर देता था. 300 रुपये में स्मैक की एक पुड़िया खरीदता और दिन भर उसके नशे में रहता. पर एक दिन यह मोबाइल चोरी के आरोप में पुलिस के हत्थे चढ़ गया. इसे JJB (जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड) ले जाया गया, जहां स्मैक की लत के बाद जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड ने इसे नशामुक्ति केंद्र भेजा. अभी यह नशा मुक्ति केंद्र में ही रहता है. अपनी कहानी बताते हुए नीरज कहता है कि अब दोबारा लाइफ में वह नशा नहीं करेगा.

एक और बच्चा है अंकित, इसकी उम्र अभी 15 साल है और पिछले दो साल से चरस की चपेट में था. वैशाली के राघोपुर में बचपन के दोस्त ने पहले सिगरेट पिलाई, जिसमें गांजा था. धीरे-धीरे सिगरेट की लत ब्राउन शुगर तक ले गई और अंकित ब्राउन शुगर की गिरफ्त में चला गया. माता-पिता की जमा पूंजी चुराकर ब्राउन शुगर खरीदता और दोस्तों के साथ पीता रहा. दो साल तक ब्राउन शुगर पीने की लत ने इसे घर में चोर बना दिया. जब ब्राउन शुगर नहीं मिलता तो यह बेचैन हो जाता और हिंसक भी. इसी बीच जब इसकी आदत छूटने का नाम नहीं ले रही थी, तो इसके पिता ने इसे नशा मुक्ति केंद्र में डाल दिया और यह अभी तीन महीने से यहीं है. अंकित कहता है कि अब वह नशे की लत से दूर हो गया है और नशे की जिंदगी में लौटना नहीं चाहता. वह स्कूल की छूटी हुई पढ़ाई पूरी करना चाहता है.

पटना में 26 सालों से नशा मुक्ति केंद्र चला रही राखी शर्मा ने बताया कि शराबबंदी ने हालत बिगाड़ी और ड्रग का बाजार ऐसा बन गया, जिसे रोक पाना अब मुश्किल है. राखी कहती हैं कि शराब की जगह लोगों ने ड्रग को ऑप्शन बना लिया है और इसकी गिरफ्त में बच्चों के साथ महिलाएं भी आ गई हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया में 2 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.ISOMES कॉलेज से BJMC करने के बाद रंजना ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में काम किया है. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं.रंजना कुमारी से आप Ranjana.Kumari@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More