)
अगर आपको लगता है कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और लोग न तो शराब पी रहे हैं और न ही इसका अवैध कारोबार कर रहे हैं, तो आप गलत हैं. क्योंकि बेगूसराय से सामने आई ये तस्वीरें बिहार में शराबबंदी की हकीकत बयां करने के लिए काफी हैं. यहां पुलिस प्रशासन की नाक के नीचे दिन के उजाले में खुलेआम अवैध महुआ शराब का निर्माण किया जा रहा है. हैरानी की बात तो यह है कि जिस रास्ते से जिले के DM-SP समेत तमाम बड़े अधिकारी और प्रशासनिक पदाधिकारी गुजरते हैं, उसी इलाके में शराब बनाने का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है.

जी मीडिया आपको शराब बनाने की ऐसी लाइव तस्वीरें दिखाने जा रहा है, जिसे देखकर शायद आपको भी अपनी आंखों पर यकीन नहीं होगा. यह तस्वीरें बिहार में लागू शराबबंदी कानून के दावों पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही हैं. दरअसल, यह पूरी तस्वीर बेगूसराय के लोहियानगर थाना और नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लोहियानगर झोपड़पट्टी की है. जहां खुलेआम अवैध महुआ शराब बनाने का कारोबार चल रहा है. तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दिन के उजाले में बड़ी संख्या में लोग महुआ शराब बनाने के काम में जुटे हुए हैं. यहां न तो पुलिस का कोई खौफ दिखाई दे रहा है और न ही शराबबंदी कानून का कोई असर.

इस दौरान जी मीडिया के संवाददाता जितेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर शराब निर्माण की इन लाइव तस्वीरों को अपने कैमरे में कैद किया है. ये तस्वीरें बिहार में शराबबंदी की जमीनी हकीकत पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर पुलिस प्रशासन की नजरों के सामने इस तरह खुलेआम अवैध शराब का निर्माण कैसे हो रहा है. जिस इलाके से जिले के तमाम बड़े अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी गुजरते हैं, वहां शराब का यह अवैध कारोबार लगातार कैसे फल-फूल रहा है. एक तरफ पुलिस प्रशासन शराबबंदी को पूरी तरह सफल बनाने का दावा करता है. वहीं, दूसरी तरफ ये तस्वीरें उन दावों की हकीकत को सामने लाती नजर आ रही हैं.

इस मामले में मुख्यालय DSP निखिल कुमार ने बताया कि जिले में शराबबंदी कानून को सफल बनाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. लोहियानगर थाना और नगर थाना क्षेत्र के लोहियानगर झोपड़पट्टी में भी अवैध महुआ शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि जी मीडिया द्वारा दिखाई गई तस्वीरों की जानकारी संबंधित थाने को दी गई है. मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, सवाल सिर्फ शराब बनाने वालों पर कार्रवाई की नहीं है, बल्कि सवाल उस पुलिसिया व्यवस्था पर भी है, जिसके नाक के नीचे दिनदहाड़े अवैध शराब का निर्माण किया जा रहा है. क्या पुलिस प्रशासन इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगा पाएगा या फिर शराब माफियाओं का यह धंधा इसी तरह फलता-फूलता रहेगा?

रिपोर्ट: जितेन्द्र कुमार, बेगूसराय