)
'SCO सभ्यता संवाद मंच' में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मसूद मलिक भी दिल्ली पहुंच चुके हैं. भारत में स्थित पाकिस्तान के उच्चायोग की ओर से इस बात की जानकारी दी गई. पाकिस्तानी उच्चायोग के अधिकारियों ने ही मंत्री मुसादिक मलिक को एयरपोर्ट पर रिसीव किया और सीधे अपने दफ्तर लेकर गए. यहां से वह सीधे पुराना किला जाएंगे, जहां SCO सभ्यता संवाद मंच कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. यह तीन दिवसीय सम्मेलन है, लिहाजा पाक मंत्री भी अगले तीन दिनों तक दिल्ली में रहेंगे. वह कहां रुकेंगे, इसकी अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है. उधर, मंत्री मुसादिक मलिक के दिल्ली दौरे को लेकर भारत में सियासत गरमा गई है.
पाक मंत्री के आगमन पर भड़की कांग्रेस
कांग्रेस ने उनके आगमन का कड़ा विरोध करते हुए मोदी सरकार पर जबरदस्त हमला बोला है. कांग्रेस ने इसे देश और देशवासियों के साथ गद्दारी बताया. कांग्रेस पार्टी ने एक्स पर पाक मंत्री की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि मोदी सरकार के निमंत्रण पर पाकिस्तान का मंत्री मुसादिक मलिक भारत आ गया है. पाक मंत्री का परिचय देते हुए कांग्रेस ने आगे लिखा कि मुसादिक लगातार भारत को धमकाता रहा है. वह कभी हाथ काटने की धमकी देता है, तो कभी खून बहाने की.
मोदी सरकार के इनविटेशन पर पाकिस्तान का मंत्री मुसादिक मलिक भारत आ गया है. मुसादिक लगातार भारत को धमकाता रहा है. कभी हाथ काटने की धमकी देता है, कभी खून बहाने की. एक तरफ पाकिस्तान हमारे देश में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है, भारतीयों की हत्या करवा रहा है. दूसरी तरफ मोदी सरकार भारत से नफरत करने वाले पाकिस्तानी मंत्री की आवभगत में लगी है. बिरयानी और कबाब खिलाने की तैयारी है. ये देश और देशवासियों के साथ गद्दारी है. मोदी सरकार को ये नहीं करना चाहिए था. जब तक पाकिस्तान आतंक पर पूरी तरह ब्रेक नहीं लगाता, उससे कोई बात नहीं होनी चाहिए.
— Congress (@INCIndia) November 20, 2026
सरकार पर लगाया देश से गद्दारी का आरोप
कांग्रेस ने कहा कि पाकिस्तान एक तरफ हमारे देश में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है, भारतीयों की हत्या करवा रहा है. वहीं, दूसरी तरफ मोदी सरकार भारत से नफरत करने वाले पाकिस्तानी मंत्री की आवभगत में लगी है. मोदी सरकार को घेरते हुए कांग्रेस पार्टी ने आगे लिखा कि पाक मंत्री को बिरयानी और कबाब खिलाने की तैयारी है. ये देश और देशवासियों के साथ गद्दारी है. मोदी सरकार को ये नहीं करना चाहिए था. कांग्रेस ने कहा कि जब तक पाकिस्तान आतंक पर पूरी तरह ब्रेक नहीं लगाता, उससे कोई बात नहीं होनी चाहिए.
पहलगाम हमले के बाद क्या बदला?
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने भी पाकिस्तान को लेकर केंद्र सरकार पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाया है. सलमान खुर्शीद ने इस मामले में अधिक स्पष्टता की मांग की है. वहीं कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने सरकार से सवाल किया है कि पहलगाम आतंकी हमले और नवंबर 2026 के बीच क्या बदल गया है? मनीष तिवारी ने एएनआई से बातचीत में कहा कि आतंकवाद की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने अपने देश में आतंकवादियों पर कोई कार्रवाई नहीं की. कांग्रेस सांसद ने कहा कि भारत ने हर अंतरराष्ट्रीय मंच से आतंकवाद पर पाकिस्तान को बेनकाब किया है. आतंकवाद को बढ़ावा देने से रोकने की मांग की है, लेकिन अभी तक स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है.