प्रेमानंद महाराज की छवि धूमिल करने की साजिश: श्रीहित राधा केलि कुंज ट्रस्ट ने की ये अपील
श्री हित राधा केलि कुंज ट्रस्ट वृंदावन की ओर से चेतावनी दी गई है कि फर्जी एआई जनरेटेड वीडियो बनाकर प्रेमानंद महाराज की छवि धूमिल करने की साजिश की गई है.
वृंदावन के संत प्रेमानंद जी महाराज की छवि को धूमिल करने के लिए सोशल मीडिया पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और अन्य डिजिटल तकनीकों के दुरुपयोग का गंभीर मामला सामने आया है. इस संबंध में श्रीहित राधा केलि कुंज ट्रस्ट वृंदावन की ओर से रविवार को एक आवश्यक सूचना और विशेष अपील जारी कर देश-विदेश के श्रद्धालुओं को सतर्क किया गया है.
फर्जी ऑडियो-वीडियो से सावधान रहने की अपील
ट्रस्ट द्वारा जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि पिछले कुछ समय से कुछ असामाजिक और अराजक तत्वों द्वारा पूज्य महाराज श्री, उनके आश्रम तथा परिकर के संबंध में सुनियोजित तरीके से भ्रामक, अप्रमाणित और तथ्य-विकृत सामग्री प्रसारित की जा रही है. विशेष रूप से एआई (AI) तकनीक का गलत इस्तेमाल कर महाराज श्री के फर्जी, कृत्रिम और छेड़छाड़ किए गए ऑडियो-वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं.
सुनियोजित साजिश की आशंका
सनातन धर्म के प्रचार को बाधित करने की आशंका आश्रम प्रबंधन ने इस पूरे घटनाक्रम के पीछे एक गहरे और सुनियोजित षड्यंत्र की आशंका जताई है. ट्रस्ट का कहना है कि इन कृत्यों का मुख्य उद्देश्य महाराज श्री की गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना, भक्तों की अटूट आस्था को प्रभावित करना तथा सनातन धर्म और आध्यात्मिक चेतना के व्यापक प्रचार-प्रसार में बाधा डालना है.
बिना पुष्टि कोई सामग्री शेयर न करें
बिना पुष्टि के संदेश फॉरवर्ड न करने का अनुरोध श्री हित राधा केलि कुंज ट्रस्ट ने समस्त श्रद्धालुओं, भक्तजनों और शुभचिंतकों से विशेष निवेदन किया है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे किसी भी संदिग्ध ऑडियो, वीडियो, अप्रमाणित आरोप या भ्रामक संदेश पर बिना विश्वसनीय पुष्टि के बिल्कुल विश्वास न करें. साथ ही, भक्तों से यह भी आग्रह किया गया है कि वे किसी भी अपुष्ट सामग्री के मूल स्रोत की जांच किए बिना उसे आगे शेयर या फॉरवर्ड न करें.
बुलेट पर जाने का वीडियो हुआ था वायरल
बता दें कि एक दिन पहले ही वृंदावन में प्रेमानंद महाराज को लेकर खबरें आई थीं कि उन्होंने बुलेट की सवारी की. साथ ही यमुना किनारे जाकर साधना की. इससे जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में दिख रहा है कि महाराज जी बुलेट जा रहे हैं, भक्त उनके जयकारे लगा रहे हैं.
(मथुरा से कन्हैया लाल शर्मा की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें : छठ घाटों पर आस्था की अनुपम छटा: व्रतियों ने भगवान सूर्य को दिया अर्घ्य, 36 घंटे का निर्जला व्रत