)
यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने तैयारी तेज कर दी है. इस बीच बीजेपी ने भ्रामक खबरों से कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सतर्क रहने की अपील की है. बीजेपी की ओर से कहा गया है कि यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर अभी तक किसी तरह की संभावित प्रत्याशियों की सूची केंद्रीय टीम को नहीं भेजी गई है. सोशल मीडिया पर जो खबरें फैलाई जा रही हैं वह भ्रामक हैं. इन खबरों का खंडन किया है.
दरअसल, पिछले दिनों यूपी बीजेपी की ओर से 209 संभावित प्रत्याशियों की सूची केंद्रीय टीम को भेजे जाने की खबरें आईं थीं. इन खबरों को बीजेपी ने भ्रामक बताया है. बीजेपी की ओर से बकायदा एक प्रेस रिलीज जारी की गई है. इसमें कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और कई डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर यह दावा किया जा रहा था कि यूपी बीजेपी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 209 प्रत्याशियों की अपनी पहली लिस्ट तैयार कर ली है और इसे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व (केंद्रीय टीम) के पास हरी झंडी के लिए भेज दिया गया है. इस तरह की खबर पूरी तरह गलत है.
बीजेपी की ओर से बताया गया कि ऐसी खबरें आने के बाद राजनीतिक विश्लेषकों और कार्यकर्ताओं के बीच टिकट बंटवारे को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे थे. खबर के तेजी से फैलने और भ्रम की स्थिति पैदा होने के बाद उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा रुख अपनाया है. बीजेपी ने साफ तौर पर कहा गया है कि उम्मीदवारों की सूची भेजने से जुड़ी यह खबर पूरी तरह झूठी और मनगढ़ंत है. इन पर ध्यान न दिया जाए.
पार्टी ने स्पष्ट किया कि इस तरह की खबरें केवल माहौल खराब करने या अफवाह फैलाने के उद्देश्य से फैलाई जा रही हैं. बीजेपी ने मीडिया और आम जनता से अपील की है कि वे ऐसी भ्रामक सूचनाओं पर बिल्कुल भी विश्वास न करें. भले ही 209 प्रत्याशियों की यह वायरल सूची फर्जी साबित हुई हो, लेकिन सभी दलों ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं. हाल ही में यह भी खबरें सामने आई हैं कि बीजेपी अपने सहयोगी दलों (जैसे रालोद, सुभासपा, अपना दल एस और निषाद पार्टी) के साथ सीट शेयरिंग के फॉर्मूले और समीकरणों को साधने के लिए गंभीर मंथन कर रही है. अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
(विशाल सिंह की रिपोर्ट)