)
दिल्ली के मोती नगर में कपड़ों के शोरूम में 18 साल की लड़की के मर्डर ने हर किसी को अंदर से झकझोर कर रख दिया है. पश्चिमी दिल्ली के इस इलाके में हुई यह वीभत्स घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई. हमलावर से बचने के लिए लड़की इधर-भागती रही लेकिन आरोपी ने उसे बालों से पकड़कर गला रेतकर मार डाला. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और उससे घटना की वजह जानने की कोशिश कर रही है.
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि 29 साल का आरोपी सूरज बेरहमी से शबनम पर हमला कर रहा है. शबनम चीखती है और भागने की कोशिश करती है. खुद को बचाने के लिए वह फर्श पर बैठकर वार रोकने की नाकाम कोशिश करती है. लेकिन हमलावर का दिल नहीं पसीजता. इसके बाद वह उसे बालों से पकड़कर घसीटते हुए ट्रायल रूम में ले जाता है और वहां उसका गला रेत देता है.
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि शबनम और सूरज के बीच दोस्ती थी. लेकिन पिछले कुछ महीनों से इनके रिश्ते में खटास आ गई थी. इसके बाद ही आरोपी ने शोरूम में घुसकर सरेआम मर्डर कर डाला. पुलिस अब इस बात की भी गहराई से जांच कर रही है कि क्या इस खौफनाक कदम के पीछे कोई पुराना विवाद या प्रेम प्रसंग था. वहीं शबनम के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने पहले भी शबनम के साथ मारपीट की थी, जिसकी पुलिस जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, यह घटना शनिवार की शाम करीब सवा छह बजे हुई. उस वक्त शबनम शोरूम में अपना फोन इस्तेमाल कर रही थी. इसके बाद शाम साढ़े सात बजे के आसपास जब शोरूम मालिक को वह कहीं नजर नहीं आई, तो उन्हें शक हुआ. उन्होंने शबनम की एक पुरानी महिला बॉस को फोन कर इसकी जानकारी दी.
इसके साथ ही, अपने मोबाइल पर शोरूम के सीसीटीवी फुटेज भी देखे. उसमें पता चला कि आरोपी शख्स शबनम को पीटता दिख रहा है. वह उसके बाल पकड़कर बाहर की ओर ले जाता हुआ दिखा, लेकिन शबनम बाहर नहीं आई थी. शक गहराने पर वे लोग रात करीब साढ़े आठ बजे फिर से शोरूम पहुंचे और अंदर तलाश शुरू की.
तभी उनकी नजर ट्रायल रूम के बाहर पड़े शबनम के दुपट्टे और दरवाजे के नीचे से बह रहे खून पर पड़ी. रात करीब नौ बजे जब दरवाजा खोला गया, तो अंदर शबनम का खून से सना शव मिला. बॉडी के पास ही एक चाकू भी पड़ा था. यह देखकर सभी सन्न रह गए.
इस मर्डर की तुरंत ही पुलिस को सूचना दी गई. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल के मोर्चरी में भिजवाया. सीसीटीवी फुटेज से मिले क्लू के आधार पर रविवार को आरोपी सूरज को धर दबोचा गया. पुलिस अब उससे हत्याकांड की वजह जानने और घटना की कड़ियां जोड़ने की कोशिश कर रही है.