)
भाजपा उत्तर प्रदेश में जल्द ही अपने सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे पर मंथन करेगी. इस क्रम में गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य में पार्टी के सहयोगी दलों से मुलाकात का सिलसिला शुरू कर दिया है. जल्द ही गृह मंत्री अमित शाह सभी सहयोगी दलों के नेताओं से बात करेंगे.
राज्य में चुनावी रणनीति की कमान संभालने से पूर्व अमित शाह ने सहयोगी दलों से बातचीत का सिलसिला शुरू किया है. उनकी योजना अगले सप्ताह सभी सहयोगी दलों के नेताओं से संवाद करने की है. सूत्रों के मुताबिक, इस संवाद के दौरान अमित शाह सहयोगी दलों से भी फीडबैक लेंगे.
सूत्रों के अनुसार, इस बार दो सहयोगियों रालोद और सुभासपा के बढ़ने के कारण भाजपा के लिए सीट बंटवारे की गुत्थी सुलझाना आसान नहीं है. ये दोनों दल चाहते हैं कि भाजपा उसे सपा की तरह ही 33 और 17 सीटें दे. दूसरी ओर निषाद पार्टी भी पहले की 10 की तुलना में अधिक सीटें मांग रही है. ऐसे में स्वाभाविक रूप से अपना दल एस जिसे पिछले चुनाव में 18 सीटें मिली थीं, उसकी ओर से भी अधिक सीटें मांगी जाएंगी.
भाजपा की योजना चार सहयोगियों के लिए 60-80 सीटें छोड़ने की है. हालांकि, पूर्वी उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव में औसत प्रदर्शन के कारण भाजपा इस क्षेत्र में प्रभाव रखने वाले दलों के लिए अपना दिल बड़ा कर सकती है. पार्टी सूत्रों का कहना है कि पार्टी की योजना रालोद को 20 और सुभासपा को 10 सीटें देने की है.
यूपी विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर सहयोगी दल इसबार भाजपा के 'सिंबल हमारा, उम्मीदवार तुम्हारा' फॉर्मूले पर मानने की स्थिति में भी नहीं दिख रही है. ऐसे में सीट शेयरिंग का फार्मूला क्या तय होगा ये देखना होगा.
बता दें कि यूपी विधानसभा चुनावी रणनीति संभालने के लिए गृह मंत्री अमित शाह दौरा कर सकते हैं. माना जा रहा है कि छठ पूजा के बाद अमित शाह यूपी दौरे पर आ सकते हैं. इस दौरान चुनावी तैयारियों और शीट शेयरिंग पर सहयोगी दलों के साथ बैठक भी हो सकती है. हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं है.
(विशाल सिंह की रिपोर्ट)