)
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के गुरुग्राम से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां पुलिस ने बच्चों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने के आरोप में चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है. आरोपी महिलाएं पिछले सात महीनों से अधिक समय से एक गांव में फ्री ट्यूशन और खाने-पीने का लालच देकर बच्चों का कथित तौर पर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रही थीं. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर चारों को रंगे हाथों दबोच लिया.
पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव घाटा का है. यहां आरोपी महिलाएं स्लम (झुग्गी-झोपड़ी) इलाकों के बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने के बहाने अपने पास बुलाती थीं. एसीपी सदर कपिल अहलावत ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ये महिलाएं बच्चों को पढ़ाने के नाम पर इकट्ठा करती थीं, लेकिन इसके पीछे उनका असली मकसद कुछ और ही था. बच्चों को पढ़ाई का झांसा देने के साथ-साथ उन्हें खाने-पीने की चीजें, टॉफियां और पिकनिक पर घुमाने का लालच दिया जाता था. इस प्रलोभन के जरिए बच्चों को कथित तौर पर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था. गांव घाटा इलाके में यह संदिग्ध गतिविधियां पिछले करीब सात महीनों से चल रही थीं.
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार महिलाओं की पहचान और उनके पेशेवर बैकग्राउंड को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. एसीपी सदर कपिल अहलावत ने बताया कि आरोपित महिलाओं में:
ललनपुई: एक निजी कंपनी में एचआर (HR) के पद पर कार्यरत है.
अशमिता चाहार: एक अस्पताल में कैंसर मरीजों के लिए स्वयंसेवक (volunteer) के रूप में कार्य करती है.
राजकुमारी चाओबा सिंह: एक निजी कंपनी में लीड एनालिस्ट के पद पर कार्यरत है.
सुमन: इस युवती ने गत वर्ष ही ग्रेजुएशन पूरी की है और फिलहाल बी.एड. (B.Ed.) की तैयारी कर रही है.
शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये सभी महिलाएं पिछले करीब एक साल से हर शनिवार को दिल्ली से गुरुग्राम आती थीं. यहां वे बच्चों को शिक्षा और खाने-पीने की वस्तुएं देने के नाम पर एक 'निजी पाठशाला' संचालित करती थीं और इसी आड़ में बच्चों के मन में धर्म विशेष के प्रति प्रभाव डालकर उन्हें प्रेरित करती थीं.
जब स्थानीय लोगों और अन्य माध्यमों से इस गतिविधि की भनक पुलिस को लगी, तो सेक्टर-56 थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया. पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से गांव घाटा में उस स्थान पर रेड की जहां ये महिलाएं बच्चों को इकट्ठा करती थीं. पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर चारों महिलाओं को अपनी गिरफ्त में ले लिया.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से कुछ अहम सबूत भी बरामद किए हैं. इनमें गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगाया गया एक सीसीटीवी कैमरा और एक मोबाइल फोन शामिल है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल फोन और अन्य उपकरणों की डिजिटल जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं.
घटना के सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. गिरफ्तार महिलाओं में कोई बड़ी कंपनियों में अच्छे पदों पर नौकरी कर रही है, तो कोई सामाजिक कार्यों या पढ़ाई से जुड़ी है. ऐसे पढ़े-लिखे और संभ्रांत पदों पर काम करने वाले लोगों का इस तरह की गतिविधियों में शामिल होना कई गंभीर सवाल खड़े करता है. फिलहाल, गुरुग्राम पुलिस चारों महिलाओं से गहनता से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह भी खंगाल रही है कि इस काम के पीछे कोई बड़ा सिंडिकेट या फंडिंग तो नहीं जुड़ी है. मामले से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है ताकि इस अवैध गतिविधि की पूरी सच्चाई सामने आ सके.