)
पाकिस्तान दुनियाभर में आतंकवाद और अल्पसंख्यकों पर जुल्म के लिए पहचाना जाता रहा है. यह बात अब इंटरनेशनल लेवल पर भी चर्चा का विषय बन गई है. हाल ही में ब्रिटेन की संसद में एक रिपोर्ट पेश की गई है, जिसमें पाकिस्तान के अंदर अल्पसंख्यकों के ऊपर हो रहे अत्याचार को लेकर चिंता जाहिर की गई है. रिपोर्ट में खास तौर पर नाबालिग हिंदू लड़कियों के कथित अपहरण, जबरन धर्मांतरण और शादी का मुद्दा उठाया गया है. संगठन का कहना है कि इन मामलों में पीड़ितों को पर्याप्त सुरक्षा और न्याय नहीं मिल पाता.
INSIGHT UK नाम के एक संगठन ने यह रिपोर्ट पेश की है. रिपोर्ट में कहा गया है कि 1941 में उस क्षेत्र की आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 14.6% थी, जो आज पाकिस्तान का हिस्सा है. वहीं, आज पाकिस्तान की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 2% से भी कम है. संगठन ने ब्रिटेन सरकार से पाकिस्तान पर दबाव बनाने और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की हिफाजत को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की है.
रिपोर्ट में दावा किया गया कि हिंदू, ईसाई और सिख समुदायों की नाबालिग लड़कियों को अगवा करके धर्म परिवर्तन और शादी के लिए मजबूर किया जाता है. इसमें हर साल करीब 1000 लड़कियों के जबरन धर्मांतरण का अनुमान भी दिया गया है.
इसके अलावा हिंदुओं के धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाए जाने की बात कही गई है. पाकिस्तान पर आरोप हैं कि वो अल्पसंख्यकों के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं.
अब किसी के भी जेहन में यह सवाल आना स्वाभाविक है कि पाकिस्तान में हिंदुओं समेत तमाम अल्पसंख्यकों पर अत्याचार हो रहा है, तो इसमें ब्रिटेन क्या कर सकता है? तो इसका जवाब कि रिपोर्ट में संसद से मांग की गई है कि वो इस मुद्दे पर चर्चा करे और ब्रिटिश सरकार पाकिस्तान से कहे वो अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को तवज्जो दे. अगर ब्रिटिश सरकार ऐसा करती है, तो पाकिस्तान पर एक दबाव बनेगा और उसे डर रहेगा कि एक विकसित देश ने उसके अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाई है. उसे यह डर रहेगा कि ब्रिटेन और पाकिस्तान के रिश्ते खराब हो सकते हैं, वो किस हद तक जा सकते हैं, यह स्थिति पर निर्भर रहता है.
