App

अंकित बालियान मर्डर केस: 37 दिन बाद पुलिस के हाथ लगा साजिशकर्ता, आर्यन-सत्यम अब भी फरार

shamli haryanvi artist ankit baliyan murder case: सदर कोतवाली क्षेत्र में हरियाणा के कलाकार अंकित बालियान की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित उर्फ लाड़ला के रूप में हुई है.

अंकित बालियान मर्डर केस: 37 दिन बाद पुलिस के हाथ लगा साजिशकर्ता, आर्यन-सत्यम अब भी फरार
Image Credit: shamli haryanvi artist ankit baliyan murder case

श्रवण शर्मा/शामली: उत्तर प्रदेश के शामली जिले की सदर कोतवाली पुलिस को हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने अंकित की हत्या की साजिश रचने और मुख्य आरोपियों का सहयोग करने के आरोपी रोहित उर्फ लाडला को गिरफ्तार कर लिया है.

सोनीपत का रहने वाला है आरोपी
पकड़ा गया आरोपी रोहित उर्फ लाडला हरियाणा के सोनीपत जिले के थाना सदर क्षेत्र अंतर्गत गांव उलदेपुर ठरु का निवासी है. पुलिस जांच में सामने आया है कि रोहित ने कलाकार अंकित बालियान की हत्या की साजिश में मुख्य भूमिका निभाई थी और वारदात को अंजाम देने में आरोपियों का साथ दिया था.

1-1 लाख के इनामी मुख्य आरोपी अब भी फरार
सदर कोतवाली क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी आर्यन और सत्यम अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं.  पुलिस प्रशासन ने दोनों मुख्य आरोपियों पर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार चल रहे 1 लाख के इनामी आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है, उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.  वहीं, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के जरिए हत्या की साजिश और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है.

कब हुआ था अंकित बालियान हत्याकांड?
शामली में हरियाणा के कलाकार अंकित बालियान की हत्या 26 अगस्त 2026 की शाम हुई थी. पुलिस के मुताबिक, शहर के आर्यपुरी नाला पटरी के पास जिम से निकलते समय हमलावरों ने अंकित पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 31 अगस्त को मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों मोहित और सुमित को मार गिराया था. वहीं, हत्याकांड के मुख्य आरोपी बताए जा रहे सत्यम और आर्यन अब भी फरार हैं. दोनों पर पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है. जांच में हत्याकांड की साजिश में रोहित उर्फ लाड़ला की भूमिका सामने आई, जिसे अब पुलिस ने गिरफ्तार किया है.

हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस को मिली यह कामयाबी मामले को सुलझाने की दिशा में एक बड़ा मोड़ है.  इस घटना ने एक बार फिर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के नेटवर्क को उजागर किया है. साजिशकर्ता रोहित उर्फ लाडला की गिरफ्तारी से न केवल हत्याकांड की परतें खुलेंगी, बल्कि यह भी स्पष्ट होगा कि इस वारदात के पीछे क्या मुख्य वजह थी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More