App

घरेलू कलह में उजड़ा परिवार: संभल में ग्राम प्रधान ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को उड़ाया, घर में मचा कोहराम

संभल में ग्राम प्रधान/प्रशासक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर की आत्महत्या कर ली. गोली चलने की आवाज सुनकर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

घरेलू कलह में उजड़ा परिवार: संभल में ग्राम प्रधान ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को उड़ाया, घर में मचा कोहराम

उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है. गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के तरकारी गांव में सोमवार रात एक ग्राम प्रधान/प्रशासक ने अपनी ही लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है. 

बताया जा रहा है कि ग्राम प्रधान/प्रशासक शराब के नशे के आदी थे. पत्नी से कलह के बाद यह कदम उठाया. हालांकि, पुलिस इस मामले की तफ्तीश कर वजह जानने की कोशिश कर रही है.

कमरे से आई अचानक गोली की आवाज
जानकारी के अनुसार, तरकारी गांव निवासी पुष्पेंद्र कुमार सोमवार रात करीब 9:30 बजे अपने घर पहुंचे थे. घर लौटने के बाद वे बिना किसी से ज्यादा बातचीत किए सीधे अपने कमरे में चले गए. उस वक्त उनकी पत्नी रूबी रसोई घर में रोजमर्रा के कामों में व्यस्त थीं.

अचानक पुष्पेंद्र के कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी. जिसे सुनकर पत्नी रूबी और परिवार के अन्य सदस्य बुरी तरह घबरा गए और दौड़कर कमरे की तरफ पहुंचे. कमरे का अंदर का नजारा खौफनाक था. पुष्पेंद्र खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़े हुए थे और उनकी लाइसेंसी पिस्टल उनके पास ही पड़ी थी. यह भयावह मंजर देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई और उनकी चीख-पुकार निकल पड़ी. शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण भी तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए.

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
परिजन देर किए बिना आनन-फानन में लहूलुहान पुष्पेंद्र को लेकर गुन्नौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचे. डॉक्टरों ने तुरंत उनकी जांच की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने पुष्पेंद्र को मृत घोषित कर दिया. मौत की पुष्टि होते ही अस्पताल और घर दोनों जगहों पर कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

आपको बता दें कि पुष्पेंद्र और रूबी की शादी करीब नौ साल पहले हुई थी. उनकी दो बेटियां भी हैं. घटना के बाद से रूबी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. वे समझ ही नहीं पा रहे हैं कि आखिर ऐसा क्या हुआ, जिसने हंसते-खेलते परिवार को पल भर में उजाड़ दिया.

पुलिस जांच में जुटी, वजह अब भी अनसुलझी
घटना की सूचना मिलते ही गुन्नौर के क्षेत्राधिकारी अंकित मिश्रा और स्थानीय थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया, साक्ष्य जुटाए और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

क्षेत्राधिकारी अंकित मिश्रा का कहना है कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि पुष्पेंद्र कुमार ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है. हालांकि, आत्महत्या के पीछे की असल वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस परिवार के सदस्यों और करीबियों से पूछताछ कर रही है.  

हेल्पलाइन : जीवन अनमोल है. किसी को भी किसी भी कारण हताशा, निराशा या डिप्रेशन हो तो कोई भी गलत कदम उठाने से पहले सरकार के हेल्‍पलाइन नंबर +91 9630899002, +91 7389366696 पर संपर्क करें.

(संभल से सुनील सिंह की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More