)
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय लोकदल (RLD) ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी तैयारियों का आगाज कर दिया है. पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र में रविवार को रालोद की ओर से ‘सामाजिक समरसता सम्मेलन’ का आयोजन किया गया. सम्मेलन में रालोद प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और विशाल जनसभा को संबोधित किया.
जयंत चौधरी ने सपा पर बोला हमला
कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार की ओर से किया गया. सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे. मंच पर भाजपा मंत्री कपिल देव समेत रालोद के विधायक और पार्टी के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे. भारी भीड़ के बीच जयंत चौधरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए सामाजिक एकजुटता और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया.
जनपद स्तर पर संगठन को मजबूत करने की कोशिश
रालोद की ओर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में इसी तरह के सामाजिक समरसता सम्मेलनों के आयोजन की योजना बताई गई है. इन कार्यक्रमों के जरिए पार्टी जनपद स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक गतिविधियों को तेज करने की दिशा में आगे बढ़ रही है. मुजफ्फरनगर के सम्मेलन में अपने संबोधन के दौरान जयंत चौधरी ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा.
सपा की राजनीति और उसके रुख को लेकर उठाए सवाल
जयंत चौधरी ने सपा की राजनीति और उसके रुख को लेकर सवाल उठाए. इसके साथ ही सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल को लेकर भी जयंत चौधरी ने तीखे राजनीतिक बयान दिए. सम्मेलन में रालोद नेताओं ने आगामी चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरने का प्रयास किया. पश्चिमी यूपी में रालोद की सक्रियता के बीच मुजफ्फरनगर में आयोजित यह सम्मेलन पार्टी के आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है. जनसभा में जुटी भीड़ और नेताओं के संबोधन के बीच 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर क्षेत्र की सियासत गरमाने के संकेत भी दिखाई दिए.