)
Rajya sabha Election 2026 dates: चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 11 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है.इनमें उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक सीट शामिल है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की एक खाली सीट को भरने के लिए अलग से उपचुनाव कराया जाएगा। पश्चिम बंगाल की सीट तृणमूल कांग्रेस की सांसद रुक्मिणी मल्लिक के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है। उनका इस्तीफा 16 जुलाई 2026 को स्वीकार किया गया था।
16 अक्टूबर को होगी वोटिंग
आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक राज्यसभा चुनाव के लिए 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी. नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर निर्धारित की गई है. नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे. जरूरत पड़ने पर 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा. इसके बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी।
यूपी से ये सदस्य होंगे सेवानिवृत्त
उत्तर प्रदेश से जिन राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो रहा है, उनमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, अरुण सिंह, बृजलाल, बीएल वर्मा, राम गोपाल यादव, नीरजा शेखर, गीता उर्फ चंद्रप्रभा, रामजी, सीमा और डॉ. दिनेश शर्मा शामिल हैं.
उत्तराखंड की एक सीट पर चुनाव
वहीं, उत्तराखंड से नरेश बंसल का कार्यकाल पूरा होने के चलते एक सीट पर चुनाव होगा.
मतपत्र को लेकर आयोग के निर्देश
चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए हैं. मतपत्र पर उम्मीदवारों के पक्ष में प्राथमिकता अंकित करने के लिए रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से उपलब्ध कराया गया निर्धारित विनिर्देश वाला एकीकृत बैंगनी रंग का स्केच पेन ही इस्तेमाल करना होगा.
राज्यसभा चुनाव में संबंधित राज्यों के निर्वाचित विधायक मतदान करते हैं और प्राथमिकता के आधार पर वोट डाले जाते हैं. चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों को लेकर राजनीतिक दलों में उम्मीदवारों के चयन और चुनावी गणित पर चर्चा तेज होने की संभावना है.