SIR पर विपक्ष को राजभर की दो टूक: ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश को घेरा, गठबंधन को बताया ‘ठगबंधन’
OM Prakash Rajbhar: ओम प्रकाश राजभर ने चुनाव आयोग और एसआईआर को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर हमला बोला है.
OM Prakash Rajbhar: यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री व सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने विपक्ष पर हमला बोला है. ओम प्रकाश राजभर एसआईआर को लेकर विपक्ष पर गलत अफवाह फैलाने का आरोप लगाया. ओपी राजभर ने अपने सोशल मिडिया एक्स पर लिखा कि, अखिलेश जी!..आप रायबरेली गए तो कांग्रेस वाले आपके इटावा जाने को कह रहे हैं, चच्चू कांग्रेस वालों को जसवंतनगर बुलाकर औकात दिखाना चाह रहे हैं, इमरान मसूद आपको आंख दिखा रहे हैं, इकरा हसन कांग्रेस वालों को उनकी जगह दिखा रही हैं.
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
राजभर ने आगे लिखा, अजय राय और राजेंद्र पाल गौतम ने सपा को छोटा भाई बना ही दिया है और आपके प्रवक्ता लोग कांग्रेसियों को लिमिट में रहना सिखा रहे हैं. ए महाराज, इसको गठबंधन कहते हैं? असल में इसको ठगबंधन कहा जाता है. ठगी के लिए प्लानिंग भी हो रही और लूट के माल के बंदरबाँट के लिए लड़ाई भी हो रही. लड़ाई इस बात की हैं? कि कौन बड़ा ठग?. बस इतना बता दीजिए कि अपने नेताओं को कांग्रेस के खिलाफ बोलने की परमिशन भी आपने ही दी हैं? ना? या चच्चू और बाक़ी नेता इस मामले में आत्मनिर्भर हो गए हैं? बाकी रथ निकालियेगा तो यहीं लखनऊ के बगल में अमेठी है. एक चक्कर मार लीजिएगा. वहीं, अमेठी जिसने आपके मित्र राहुल बाबा को सिर्फ़ हराया ही नहीं, बल्कि भगा दिया. उसी अमेठी घूम आइये महाराज, कांग्रेसियों को जलने दीजिए.
एसआईआर को लेकर विपक्ष गलत माहौल बना रहा
वहीं, ओम प्रकाश राजभर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विपक्ष के रवैये पर निशाना साधा. ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना विपक्ष का अधिकार है. लेकिन अफवाह फैलाना गलत है. राजभर ने कहा कि एक भी पात्र मतदाता सूची से नहीं हटेगा. लेकिन आरोप लगाने पर सुबूत भी देना चाहिए. उन्होंने कहा कि SIR को लेकर गलत माहौल बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा से मेरा सीधा सवाल है, 2024 में यूपी में सपा के 36 और कांग्रेस के 6 सांसद जीते तब सवाल क्यों नही था?.
आरोप लगा रहे हैं तो प्रमाण भी दीजिए
उन्होंने कहा कि अगर किसी पात्र मतदाता का नाम छुटा है तो आयोग को बताइए. विरोध करना है तो कीजिए लेकिन लोकतांत्रिक तरीके से कीजिए. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पर आरोप लगा रहे हैं तो प्रमाण भी दीजिए. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को लेकर सपा और कांग्रेस को कहीं गड़बड़ी दिख रही है तो सुबूत दीजिए. राजनीतिक लड़ाई राजनीतिक मुद्दों पर लड़िए, सवाल उठाइये तो प्रमाण भी दीजिए. उन्होंने कहा कि पहले विपक्ष ने ईवीएम पर आरोप लगाया, लेकिन जब ये ईवीएम से चुनाव जीते तो जनता ने नकार दिया. अब यह संवैधानिक प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं.
मायावती के आरोप पर पलटवार
वहीं, बसपा सुप्रीमो पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि जब मायावती जनता के बीच जाएंगी तब तो वोट मिलेगा. ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि नगीना से कांग्रेस का पर्चा खारिज होने के चलते चंद्रशेखर जीत गए थे. उन्होंने कहा कि सपा कांग्रेस के सांसद विधायक जो जीते हैं पहले वह इस्तीफा दें तब आरोप लगाएं. अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा कि आज के नेता 12 बजे तक सोते हैं फिर ट्वीट करते हैं फिर पीसी करते हैं. परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी वाले पीडीए की बात कर रहे हैं. लोहिया ट्रस्ट में 8 लोग हैं 7 सपा परिवार के यादव हैं.