)
अनूप प्रताप सिंह/अंबेडकरनगर: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई. अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के शिवबाबा धाम के पास चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. इसमें थाना प्रभारी घायल हो गए. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गाजीपुर निवासी कुख्यात बदमाश वाहिद अंसारी गोली लगने से घायल हो गया. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, वाहिद पर हत्या, लूट और डकैती समेत 35 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे.
जानकारी के मुताबिक, बीती रात अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के शिवबाबा धाम के पास पुलिस बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रही थी. पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह भी एसओजी टीम के साथ चेकिंग अभियान का निरीक्षण कर रही थीं. इसी दौरान रात करीब 12 बजे बाइक सवार दो संदिग्ध बैरियर तोड़कर भागने की कोशिश करने लगे. जब थाना प्रभारी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी, जिससे थाना प्रभारी घायल हो गए. बदमाशों के भागने पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और जवाबी फायरिंग की.
इस मुठभेड़ में एक बदमाश मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जबकि दूसरा बदमाश गोली लगने से घायल हो गया. घायल बदमाश को पहले सीएचसी और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

मृतक बदमाश की पहचान गाजीपुर जिले के बहरियाबाद थाना क्षेत्र निवासी वाहिद अंसारी के रूप में हुई है. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वाहिद पर लूट, हत्या, डकैती, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत कुल 35 मुकदमे दर्ज हैं. वह गोरखपुर के कैंट थाने से वांछित चल रहा था और कुख्यात बिट्टू इंदौरी गैंग का सक्रिय सदस्य था, जो पूर्वांचल में लंबे समय से हथियारों की तस्करी और कॉन्ट्रैक्ट किलिंग जैसे अपराधों में लिप्त था. फिलहाल पुलिस फरार बदमाश की तलाश और आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है.