App

आसमान से बरसे फूल, क्रेन से हुई आरती... देखिए 299 साल के हुए 'गुलाबी शहर' जयपुर का वो ऐतिहासिक दरवाजा जहां रखी गई थी पहली नींव !

गुलाबी नगरी जयपुर आज अपना 299वां स्थापना दिवस मना रहा है. ऐतिहासिक गंगापोल दरवाजे पर क्रेन से गणेश पूजन और हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा के साथ भव्य जश्न शुरू हो चुका है. सीएम भजनलाल ने भी प्रदेशवासियों को बधाई दी है. शाम को स्टेच्यू सर्किल दीपों से जगमगाएगा.

आसमान से बरसे फूल, क्रेन से हुई आरती... देखिए 299 साल के हुए 'गुलाबी शहर' जयपुर का वो ऐतिहासिक दरवाजा जहां रखी गई थी पहली नींव !
Image Credit: jaipur foundation day 2026 helicopter flower shower gangapole gate

जयपुर मना रहा अपना 299वां स्थापना दिवस
गुलाबी नगरी जयपुर आज अपना 299वां स्थापना दिवस मना रहा है, जिसमें आस्था और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है. स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की भव्य शुरुआत ऐतिहासिक गंगापोल दरवाजे पर गणेश पूजन के साथ हुई. हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गयी . यहां महापौर सुनील कोठारी और सांसद मंजू शर्मा ने क्रेन पर चढ़कर भगवान गणेश की विशेष पूजा-अर्चना की, जिस दौरान विधायक बालमुकुंदाचार्य भी मौजूद रहे. गंगापोल दरवाजे पर पूजन के बाद सभी ने शहर के आराध्य गोविंद देवजी मंदिर में दर्शन और पूजन किया. शाम के कार्यक्रमों के तहत 5 बजे स्टेच्यू सर्किल पर भव्य दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा, जिससे पूरा स्टेच्यू सर्किल दीपों की रोशनी से जगमगा उठेगा. इस ऐतिहासिक और खास मौके पर महापौर सुनील कोठारी ने सभी जयपुरवासियों से अपील की है कि वे सपरिवार इन आयोजनों में शामिल होकर शहर का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाएं.

गंगापोल दरवाजा : जहां रखी गई थी 'गुलाबी शहर' जयपुर की पहली नींव
जयपुर का ऐतिहासिक गंगापोल दरवाजा महज़ एक द्वार नहीं, बल्कि इस खूबसूरत शहर की उत्पत्ति का सबसे प्रमुख गवाह है. इतिहास के पन्नों को पलटें तो 18 नवंबर 1727 को महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय द्वारा जब जयपुर शहर की स्थापना की गई थी, तब पूरे शहर की सबसे पहली नींव इसी गंगापोल दरवाजे पर रखी गई थी. वर्तमान में ये ऐतिहासिक धरोहर जयपुर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत बास बदनपुरा, खंडेलवाल कॉलोनी और गंगापोल रोड के पास है, जो आज भी इस शहर की गौरवशाली शुरुआत की याद दिलाती है.

 सीएम भजनलाल शर्मा ने दीं शुभकामनाएं
जयपुर के स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुलाबीनगर और प्रदेश के सभी निवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है.। अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट में सीएम ने जयपुर को शौर्य, स्वाभिमान और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं की गौरवशाली धरा बताते हुए कहा कि ये गुलाबी नगरी अपनी अद्भुत स्थापत्य कला एवं ऐतिहासिक वैभव के कारण विश्वभर में विशिष्ट पहचान रखती है. इस खास मौके पर मुख्यमंत्री ने जन-जन के आराध्य श्री गोविंद देव जी से प्रार्थना करते हुए कामना की है कि सभी नागरिकों के जीवन में सदैव सुख, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author