App

झारखंड में 'एक और अवसर' कैंप आज, वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का आखिरी मौका, सियासत भी तेज

अगर आपका नाम मतदाता सूची में नहीं है, तो यह मौका आपके लिए है. दरअसल, झारखंड में एसआईआर प्रक्रिया के अंतिम चरण में निर्वाचन आयोग की ओर से पात्र मतदाताओं को एक और मौका दिया गया है. राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 11 से शाम 4 बजे तक ‘एक और अवसर’ कैंप लगाए गए हैं.

झारखंड में 'एक और अवसर' कैंप आज, वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का आखिरी मौका, सियासत भी तेज
Image Credit: झारखंड में 'एक और अवसर' कैंप आज (Photo-AI)

झारखंड में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन की प्रक्रिया अब अपने अंतिम दौर पर है. मगर, अभी भी जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं जुड़ा है, उनके लिए निर्वाचन आयोग की ओर से 18 नवंबर बुधवार को आखिरी मौका दिया जा रहा है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने इसकी पूरी जानकारी दी.

उन्होंने कहा कि बुधवार को राज्य के सभी मतदान केंद्रों में 'एक और अवसर' कैंप लगाया जा रहा है. यह कैंप सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा. इस दौरान वैसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है, उन्हें अपना नाम जुड़वाने का मौका मिलेगा. खासकर 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके युवा फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकेंगे.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा कि कैंप में नो मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी और अन्य श्रेणियों से जुड़े मतदाताओं की सूची भी उपलब्ध रहेगी, ताकि संबंधित मतदाता अपनी स्थिति की जानकारी ले सकें और जरूरी प्रक्रिया पूरी कर सकें. वहीं, एसआईआर के तहत बीएलओ और बीएलए-2 की छठी और अंतिम बैठक भी आयोजित की जाएगी.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी राजनीतिक दलों से इस विशेष अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है. निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सके.

निर्वाचन आयोग का एक और अवसर कैंप और सियासत

निर्वाचन आयोग की तरफ से नाम जुड़वाने के लिए दिए गए आखिरी मौके पर भी सियासत जारी है. झारखंड मुक्ति मोर्चा का यह आरोप है कि यह प्रक्रिया ही गलत मंशा के साथ की गई है. कांग्रेस नेता राधा कृष्ण किशोर का यह दावा है कि उनकी ही कोशिशों का नतीजा है कि निर्वाचन आयोग को मजबूर होना पड़ा है, इसीलिए एक और अवसर दिया गया है.

जेएमएम प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने इस प्रक्रिया को ही गलत बताया है. झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कहा कि निर्वाचन आयोग खुद भ्रमित है. वहीं, मामले पर बीजेपी ने सत्ताधारी दल पर बाहरी वोटरों को बचाने की साजिश का आरोप लगाया है.

सत्ताधारी दल की तरफ से लगाए गए आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि कांग्रेस और जेएमएम की यह मंशा है कि अब्दुल, रशीद और लतीफ, जो कि घुसपैठिए हैं, उनका नाम वोटर लिस्ट में जोड़ा जाए, लेकिन उनकी मंशा कभी कामयाब नहीं होगी. बीजेपी प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि हालांकि, जो अवैध मतदाता हैं, अगर उनके नाम काटे गए हैं तो उन्हें आज इस मौके का फायदा उठाना चाहिए.

झारखंड कांग्रेस की 26 नवंबर को रांची में होने वाले वोट रक्षा मार्च की तैयारी

वहीं, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के मुद्दे पर झारखंड कांग्रेस 26 नवंबर को रांची में 'वोट रक्षा मार्च' निकालेगी. 'वोट बचाओ-देश बचाओ' अभियान के तहत आयोजित इस मार्च के जरिए कांग्रेस मतदाता सूची की पारदर्शिता, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और प्रत्येक योग्य नागरिक के मतदान के अधिकार का मुद्दा उठाएगी. प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में पार्टी ने मार्च को सफल बनाने की तैयारियां तेज कर दी हैं.

रिपोर्ट: कामरान जलीली

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो