App

Muzaffarnagar Accident: बर्थडे पार्टी से लौट रहे परिवार की स्कॉर्पियो डंपर से टकराई, 4 की दर्दनाक मौत; 3 गंभीर घायल

Muzaffarnagar Road Accident: यूपी के मुजफ्फरनगर में पुरकाजी थाना क्षेत्र के लक्सर मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यहां स्कॉर्पियो और डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. इस सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

Muzaffarnagar Accident: बर्थडे पार्टी से लौट रहे परिवार की स्कॉर्पियो डंपर से टकराई, 4 की दर्दनाक मौत; 3 गंभीर घायल
Image Credit: Muzaffarnagar Road Accident

अंकित मित्तल/मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से भीषण सड़क हादसा सामने आया है.  पुरकाजी थाना क्षेत्र के लक्सर मार्ग पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और डंपर के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई. इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार और रिश्तेदारों के 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

सीएम योगी ने जताया दुख
मुजफ्फरनगर में हुए सड़क हादसे का सीएम योगी ने संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त की है. सीएम ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों का समुचित उपचार करवाने हेतु निर्देश दिए. उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.

बर्थडे पार्टी से लौट रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, शहर के नई मंडी थाना क्षेत्र स्थित श्री हरि वृंदावन के रहने वाले लोग अपने रिश्तेदार (मौसा) की बर्थडे पार्टी में शामिल होकर स्कॉर्पियो गाड़ी से वापस लौट रहे थे. जैसे ही उनकी गाड़ी पुरकाजी-लक्सर मार्ग पर पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर से उनकी सीधी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए.

4 की मौत, मासूम बच्ची समेत 3 अस्पताल में भर्ती
इस हादसे में गाड़ी में सवार आदेश, निशा, श्रद्धा और राखी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.  वहीं रूबी, कुसुम और एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

SSP और SP सिटी मौके पर पहुंचे, डंपर चालक गिरफ्तार
हादसे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा और SP सिटी अमृत जैन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.  पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त डंपर को जब्त कर लिया है और चालक को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

मुजफ्फरनगर से दूसरी खबर

पुलिस व बदमाश के बीच मुठभेड़, बदमाश हुआ लंगड़ा
मुजफ्फरनगर में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर बदमाश शादाब के पैर में गोली लगी. पैर में गोली लगने से शादाब घायल हो गया. पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया. बदमाश शादाब उर्फ कलीम पर दो दर्जन केस दर्ज हैं. उस पर 25 हजार का इनाम भी घोषित था. बदमाश के पास से एक बाइक, एक तमंचा, तीन कारतूस बरामद किए गए हैं. ये मुठभेड़ नई मंडी थाना के सिसौना मार्ग जंगलों में हुई.

मैनपुरी में भीषण सड़क हादसा
अतुल सक्सेना/मैनपुरी: मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र के हाइवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया. पल्सर बाइक कंटेनर से टकराकर पहिए के नीचे आ गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई. हादसे के बाद बाइक और कंटेनर में भीषण आग लग गई. हादसे में बाइक सवार दंपत्ति में महिला और दो बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे सैफई पीजीआई रेफर किया गया है. मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. कंटेनर में रेडटेप कंपनी के जूते भरे हुए थे, जिन्हें जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More