मथुरा में बड़ा भ्रष्टाचार बेनकाब: ₹30 लाख के बकाए पर ₹9 लाख की रिश्वत, विजिलेंस ने ग्राम पंचायत सचिव को रंगे हाथ दबोचा
मथुरा के गोवर्धन विकास खंड की ग्राम पंचायत अडींग में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है. यहां बकाया भुगतान कराने के नाम पर 30 प्रतिशत कमीशन मांगने वाले ग्राम पंचायत सचिव को विजिलेंस टीम आगरा ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में भ्रष्टाचार का एक सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है. गोवर्धन विकास खंड की अडींग ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के करोड़ों रुपये के भुगतान के नाम पर खुलेआम अवैध वसूली चल रही थी. जिसपर आगरा की विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. इस टीम ने एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए ग्राम पंचायत सचिव को रंगे हाथों दबोच लिया.
दो करोड़ के विकास कार्यों पर था विवाद
यह मामला वर्ष 2023, 2024 और 2025 के दौरान हुए विकास कार्यों से जुड़ा है. ठेकेदार परवेज अहमद ने अडींग पंचायत में सीसी सड़क, नाली निर्माण, इंटरलॉकिंग, पार्क और भवन निर्माण जैसे काम कराए थे. कुल मिलाकर करीब दो करोड़ रुपये के इन प्रोजेक्ट्स में से लगभग 30 लाख रुपये का सरकारी भुगतान अभी अटका हुआ था.
बकाया पैसे जारी करने के एवज में ग्राम पंचायत सचिव मनीष भंडारी ने अपनी जेब गर्म करने की ठानी. उसने कुल बकाया राशि का 30 प्रतिशत यानी पूरे 9 लाख रुपये बतौर कमीशन मांग लिए. शुरुआती किस्त के रूप में एक लाख रुपये एडवांस और बाकी आठ लाख रुपये भुगतान पास होने के बाद देने की शर्त रखी गई थी.
विजिलेंस ने बिछाया ऐसा जाल
रिश्वतखोरी से परेशान होकर परवेज अहमद ने आगरा विजिलेंस टीम के अधिकारियों से लिखित शिकायत दर्ज करा दी. शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने गोपनीय जांच कराई, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए. इसके बाद शुक्रवार को विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया.
आगे की कार्रवाई में जुटी टीम
जैसे ही शिकायतकर्ता ने ग्राम पंचायत सचिव मनीष भंडारी को एक लाख रुपये देने पहुंचा, पहले से मुस्तैद टीम ने उसे रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ धर दबोचा. इस अचानक हुई कार्रवाई से पंचायत कार्यालय में हड़कंप मच गया.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी ग्राम पंचायत सचिव मनीष भंडारी के खिलाफ थाना उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान आगरा में भ्रष्टाचार से संबंधित सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया गया है. टीम आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है.
(मथुरा से कन्हैया लाल शर्मा की रिपोर्ट)
यह भी पढ़िए: गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में धमाका, दीवार में आई दरार...दो खिड़कियों के शीशे चकनाचूर, डिलीवरी बॉय घायल