)
गाजियाबाद: शुक्रवार रात गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए जोरदार धमाके से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी. हादसे में चौकी की दो खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए और एक दीवार में दरार आ गई. कांच लगने से वहां मौजूद एक डिलीवरी बॉय घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फोरेंसिक टीम और बम डिस्पोजल स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक, इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा चौकी में रात करीब 9 से 10 बजे के बीच ये धमाका हुआ. उस समय चौकी के अंदर एक सब इंस्पेक्टर और सामान पहुंचाने आया डिलीवरी बॉय मौजूद था. अचानक हुए विस्फोट से चौकी के अंदर और बाहर अफरा-तफरी मच गई. लोग घरों से बाहर निकल आए. धमाके के बाद टूटे शीशे की चपेट में आकर डिलीवरी बॉय घायल हो गया. उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
शुरुआती जांच में दो आशंकाएं जताई जा रही हैं....पहला ये कि एसी में ब्लास्ट हुआ हो सकता है और दूसरी आशंका है कि चौकी में रखे पटाखों में विस्फोट हुआ हो. हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी धमाके की असली वजह साफ नहीं है. जांच पूरी होने के बाद ही पता चल पाएगा कि विस्फोट किस चीज में हुआ था.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए.मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया. दोनों टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. चौकी के अंदर रखे सामान की भी जांच की जा रही है.
सूत्रों के मुताबिक, चौकी के कंट्रोल रूम में इलाके से बरामद सामान रखा जाता है. धमाके के बाद इस बात पर भी सवाल उठ रहे हैं कि चौकी के अंदर आखिर क्या-क्या रखा था और क्या धमाके से उसका कोई कनेक्शन है? पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
गौरतलब है कि इससे पहले 5 अक्टूबर को साहिबाबाद के लाजपत नगर में रावण का पुतला बनाते समय भी धमाका हुआ था. अब एक महीने के अंदर गाजियाबाद में दूसरी बार विस्फोट की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच जारी है, जल्द ही धमाके की असली वजह सामने आएगी.