)
हरियाणा का मोस्ट-वांटेड गैंगस्टर और लॉरेंस बिश्नोई का करीबी सहयोगी हैरी बॉक्सर उर्फ हैरी बिश्नोई को अमेरिका में हिरासत में ले लिया गया है. बता दें कि हैरी और एक अन्य गैंगस्टर, गोल्डी ढिल्लों, लॉरेंस बिश्नोई के इशारे पर कनाडा से इस गिरोह को चला रहे थे. अनमोल बिश्नोई नाम का एक और व्यक्ति भी इसमें अहम भूमिका निभा रहा था, जिसे हाल ही में भारत वापस भेज (डिपोर्ट कर) दिया गया है.
बिश्नोई गैंग के सदस्य और करीबी सहयोगी हैरी का नाम पहली बार तब सामने आया, जब उसने पंजाब के तरनतारन जिले में एक सरपंच को धमकी दी, जिसके चलते 2023 में विरोध-प्रदर्शन हुए थे. एक साल बाद जयपुर में बिश्नोई गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के दौरान इन दोनों ने बताया कि हैरी और अनमोल ने उन्हें जयपुर के एक व्यवसायी से 10 करोड़ रुपये की वसूली करने का काम सौंपा था.
बॉक्सर ने मुंबई में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी ली थी और इसके बाद सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेशों के जरिए कई बॉलीवुड हस्तियों को धमकी भी दी थी. उस पर हत्या और धमकी देकर एक्सटॉर्शन समेत कई मामले दर्ज हैं. उन्हें हिरासत में लिए जाने से कुछ दिन पहले ही गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को भी अमेरिका में हिरासत में लिया गया था.
फरवरी में मुंबई में रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के बाद बॉलीवुड इंडस्ट्री के कई लोगों को धमकियां मिलीं. इस हमले की जिम्मेदारी गैंगस्टर हैरी बॉक्सर ने ली. लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बॉक्सर ने इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट और ऑडियो मैसेज जारी किए, जिनमें फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को धमकाया गया था.
ऐसे ही एक ऑडियो मैसेज में खुद को अर्जू बिश्नोई बताने वाले एक व्यक्ति ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए हैरी बॉक्सर और शुभम लोनकर का नाम लिया. मैसेज में कहा गया कि शेट्टी को गैंग के कामों में दखल न देने की कई बार चेतावनी दी गई थी और इस हमले को एक छोटा ट्रेलर बताया गया.
साथ ही यह भी चेतावनी दी गई कि जो लोग इन धमकियों को नजरअंदाज करेंगे या गैंग के विरोधियों का साथ देंगे. उन्हें और भी गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. पुलिस ने बताया कि वे इस ऑडियो रिकॉर्डिंग की सच्चाई की जांच कर रहे हैं और फरवरी में हुए इस हमले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की कथित संलिप्तता की पड़ताल कर रहे हैं.
हाल ही में हैरी बॉक्सर का नाम फिर चर्चा में तब आया, जब उसने बॉलीवुड के 'धुरंधर' एक्टर रणवीर सिंह को धमकी भरा वॉइस नोट भेजा. बॉक्सर ने रणवीर के मैनेजर को फोन कर 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी. साथ ही कहा कि अगर बात नहीं मानी तो अगली सात पीढ़ियां याद रखेंगी.
उसने वॉइस नोट में साफ तौर पर रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह को लाइन पर आने की चेतावनी दी थी. इसके अलावा हैरी ने मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा के कैफे पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी भी ली थी.सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा का नाम भी इस गैंग के निशाने पर रहे सितारों में शामिल बताया जा रहा है.