छठ पर्व पर महराजगंज में हाई अलर्ट, घाटों से भारत-नेपाल सीमा तक बढ़ाई गई सुरक्षा
महराजगंज में छठ पर्व को लेकर पुलिस अलर्ट है. घाटों पर महिला पुलिस और सादे कपड़ों में जवान तैनात होंगे. भारत-नेपाल सीमा पर भी चेकिंग बढ़ाई गई है.
अमित त्रिपाठी/महराजगंज: छठ महापर्व की आज से शुरुआत हो रही है. नहाए खाने से इस छठ की शुरुआत हो रही है. उत्तर प्रदेश के महराजगंज में छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था से लेकर भारत-नेपाल सीमा तक निगरानी बढ़ा दी गई है. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं.
ज़ी मीडिया से खास बातचीत में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि सभी थानों पर पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं. संबंधित विभागों को छठ घाटों पर साफ-सफाई, आवागमन के रास्ते दुरुस्त करने, पर्याप्त रोशनी और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
गहरे पानी वाले घाटों पर बैरिकेडिंग
वहीं जिन घाटों पर पानी अधिक गहरा है वहां बैरिकेडिंग कराने और चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि श्रद्धालु सुरक्षित दायरे में रहकर पूजा-अर्चना कर सकें. सुरक्षा के मद्देनजर घाटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों के साथ महिला पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. इसके अलावा सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे जो संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे.
भारत-नेपाल सीमा पर भी सघन चेकिंग
वहीं भारत-नेपाल सीमा पर भी एसएसबी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. सीमा से आने-जाने वाले लोगों और उनके सामानों की जांच की जा रही है. सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी के साथ सादे कपड़ों में भी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं. अपर पुलिस अधीक्षक ने भरोसा दिलाया कि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और पुलिस प्रशासन छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है.
लखनऊ में छठ की तैयारी पूरी, 110 घाट तैयार; जीरो वेस्ट पर फोकस, CM योगी करेंगे समीक्षा बैठक