अतीक गैंग पर दोहरी सर्जिकल स्ट्राइक: इमरान जई समेत पूरे परिवार पर FIR, 20 करोड़ का साम्राज्य जमींदोज
Prayagraj PDA Action: माफिया अतीक अहमद गैंग के खिलाफ एक्शन फिर से तेज हो गया है. शुक्रवार को पहले माफिया अतीक के रिश्तेदार भू-माफिया इमरान जई और उसके भाई जीशान, कामरान और मां के खिलाफ गैंगस्टर के तहत एफआईआर दर्ज की. एफआईआर के बाद पुलिस और पीडीए की टीम ने माफिया के करीबियों की करोड़ों की अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया है.
Prayagraj PDA Action/ मो. गुफरान: संगम नगरी प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के गैंग और उसके आर्थिक साम्राज्य के खिलाफ पुलिस व प्रशासन का चाबुक एक बार फिर तेजी से चलने लगा है. शुक्रवार को प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने माफिया के करीबियों और रिश्तेदारों पर दोहरी सर्जिकल स्ट्राइक की. एक तरफ जहां अतीक के करीबियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत शिकंजा कसा गया, वहीं दूसरी तरफ उनकी करोड़ों की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर गरज उठा.
पहले गैंगस्टर की FIR, फिर गरजा बुलडोजर
शुक्रवार को सबसे पहले पुलिस ने अतीक अहमद के रिश्तेदार और भू-माफिया इमरान जई, उसके भाई जीशान उर्फ जानू, कामरान और मां जाहिदा बेगम के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की. इस कानूनी शिकंजे के तुरंत बाद पुलिस और पीडीए की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई.
प्रशासनिक टीम ने सबसे पहले सदर तहसील के कालिंदीपुरम इलाके में अतीक के करीबी बिल्डर खालिद जफर के दफ्तर को जमींदोज किया. इसके बाद बुलडोजर की गरज भीटी इलाके की ओर बढ़ गई, जहां खालिद जफर ने 10 बीघे में बिना ले-आउट पास कराए अवैध प्लाटिंग की थी, जिसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया.
18 बीघे का अवैध साम्राज्य ध्वस्त
खालिद जफर के बाद पीडीए का बुलडोजर अतीक के रिश्तेदार इमरान जई, जीशान, कामरान और मोहम्मद नूंह के अवैध साम्राज्य पर चला. भीटी इलाके में ही इन लोगों ने करीब 8 बीघे में अवैध प्लाटिंग की थी, जिसे बुलडोजर चलाकर पूरी तरह से मलबे में तब्दील कर दिया गया.
20 करोड़ रुपये से अधिक अनुमानित कीमत
अधिकारियों के मुताबिक, दोनों जगहों को मिलाकर कुल 18 बीघे में फैली अवैध प्लाटिंग को नेस्तनाबूद किया गया है. ध्वस्त की गई इस बेनामी और अवैध संपत्ति की अनुमानित कीमत 20 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है.
नहीं रुकेगा बुलडोजर एक्शन
प्रयागराज में हुई इस अचानक और बड़ी कार्रवाई से अतीक गैंग के बचे-खुचे गुर्गों और शरणदाताओं में हड़कंप मच गया है. पुलिस और प्रशासन की इस संयुक्त और आक्रामक कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि माफिया के अवैध आर्थिक तंत्र को पूरी तरह से खत्म करने तक यह बुलडोजर रुकने वाला नहीं है.
यह भी पढ़िए: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड: साजिश रचने वाला रोहित उर्फ लाडला गिरफ्तार, जेलों से जुड़े मिले हत्या के तार