)
Ankit Baliyan Murder Case/ श्रवण पंडित: उत्तर प्रदेश के शामली जनपद में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की दिनदहाड़े निर्मम हत्या हुई थी. इस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. रोहित उर्फ लाडला को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया है.
पकड़ा गया आरोपी रोहित सोनीपत के थाना सदर क्षेत्र स्थित गांव उल्देपुर ठरू का रहने वाला है. उस पर अंकित बालियान की हत्या की साजिश रचने और अन्य शूटरों से तालमेल बिठाने का आरोप है.
जिम के बाहर गोलियों से भूना गया था अंकित
यह वारदात 26 अगस्त की शाम करीब पौने सात बजे की है. बाबरी क्षेत्र के बंतीखेड़ा गांव के अंकित बालियान शामली के आर्यपुरी में नालापटरी के फिटनेस जिम से बाहर निकल रहे थे. तभी पहले से घात लगाए बैठे नकाबपोश हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चार शूटरों को चिह्नित किया था. इनमें से दो शूटरों (मोहित और सुमित) को 31 अगस्त को कैराना रोड पर पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया था.
तिहाड़ और हरियाणा जेल से जुड़े तार
एसपी एनपी सिंह के मुताबिक, पुलिस जांच में इस हत्याकांड के तार तिहाड़ और हरियाणा की जेलों में बंद शातिर बदमाशों से जुड़े पाए गए हैं. मुख्य साजिशकर्ता भोलू शाहपुरिया ने इस पूरी वारदात की योजना बनाई थी. हाल ही में गिरफ्तार रोहित उर्फ लाडला इस साजिश की सबसे अहम कड़ी साबित हुआ है. रोहित ने ही मुठभेड़ में मारे गए शूटर मोहित का संपर्क भोलू शाहपुरिया से कराया था. इसके बाद अंकित की हत्या की पूरी रूपरेखा तैयार की गई और अन्य शूटरों के साथ तालमेल बिठाया गया.
फरार आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम
मामले में दो मुख्य आरोपी आर्यन और सत्यम अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया है. इतना ही नहीं, उनके खिलाफ धारा 82 के तहत कुर्की की कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया है.
वहीं, मृतक अंकित बालियान के पिता सतबीर फौजी का कहना है कि पुलिस अधिकारियों ने उन्हें 5 अक्टूबर तक सभी फरार आरोपियों और मुख्य साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है. परिजनों का कहना है कि अगर तय समयसीमा तक सभी आरोपी नहीं पकड़े गए, तो वे ग्रामीणों के साथ मिलकर आगे के आंदोलन की रणनीति बनाएंगे.
शामली पुलिस की कई टीमें अब फरार शूटरों और पर्दे के पीछे छिपे आकाओं की तलाश में हरियाणा और दिल्ली में दबिश दे रही हैं. इस गिरफ्तारी के बाद उम्मीद है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया जाएगा.