App

लखनऊ में 9 हजार CCTV और 1461 AI कैमरे: श्रद्धा दुबे को खोजने में रहे नाकाम, आगरा में मिली आखिरी लोकेशन

कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में आरोपी मॉडल श्रद्धा की तलाश जारी है. लखनऊ में हजारों CCTV और AI कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.सूत्रों के मुताबिक, आखिरी लोकेशन आगरा के सदर इलाके में मिली है.

लखनऊ में 9 हजार CCTV और 1461 AI कैमरे: श्रद्धा दुबे को खोजने में रहे नाकाम, आगरा में मिली आखिरी लोकेशन
Image Credit: Shraddha Dubey Lucknow Case

विशाल रघुवंशी/लखनऊ: राजधानी लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की हत्या के मामले में आरोपी मॉडल श्रद्धा पुलिस की पकड़ से बाहर है. सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा शनिवार को लखनऊ पहुंची थी और रविवार सुबह शहर से निकल गई. हैरानी की बात यह है कि स्मार्ट सिटी और 'सेफ सिटी' परियोजना के तहत शहर में लगाए गए 9 हजार से अधिक सीसीटीवी और 1,461 एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित हाईटेक कैमरे भी श्रद्धा का सुराग नहीं लगा पाए. इस दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों में उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है.

लखनऊ पुलिस की टीम इनपुट मिलते ही आगरा पहुंची है. शिवानंद मिश्रा को इस टीम की कमान सौंपी गई है. शिवानंद मिश्रा टीम के साथ आगरा पहुंचे. आरोपी मॉडल की तलाशी जारी है.

लखनऊ में हुआ मूवमेंट,मददगार रहे सक्रिय
सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को लखनऊ पहुंची श्रद्धा दुबे का शहर में कई जगहों पर मूवमेंट दर्ज किया गया. इस दौरान उसके मददगार भी पूरी तरह सक्रिय रहे, जिनकी मदद से वह पुलिस और सर्विलांस टीम को चकमा देकर रविवार सुबह शहर छोड़ने में कामयाब रही. शहर के प्रमुख मार्गों, घरों, दुकानों और चौराहों पर लगे एआई कैमरों की हाई-टेक तकनीक भी शातिर श्रद्धा को ट्रेस करने में नाकाम साबित हुई, जिसके बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. इस लापरवाही के चलते संबंधित इंस्पेक्टर, एसीपी और डीसीपी स्तर के अधिकारियों पर भी गाज गिरी है और कार्रवाई की गाज के बीच उसकी तलाश तेज कर दी गई है.

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, लखनऊ पहुंचने के बाद श्रद्धा कहां रुकी और किन लोगों के संपर्क में रही, पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है. ऐसी आशंका है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रही है. पुलिस उसके संभावित मददगारों की भूमिका भी जांच रही है.

आगरा में मिली आखिरी लोकेशन, पुलिस रवाना
जांच में जुटे सूत्रों के अनुसार, मॉडल श्रद्धा दुबे की आखिरी लोकेशन उत्तर प्रदेश के ताजनगरी आगरा में मिली है. इसके बाद लखनऊ पुलिस की एक विशेष टीम तुरंत आगरा के लिए रवाना हो गई है.  पुलिस आगरा तक के टोल प्लाजा की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है और स्थानीय पुलिस से मदद मांगी गई है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि श्रद्धा लखनऊ से किस रास्ते आगरा पहुंची और इस दौरान किन लोगों के संपर्क में रही.

श्रद्धा दुबे की सौतेली मां से पूछताछ
सोमवार को पुलिस की टीम ने श्रद्धा दुबे की सौतेली मां और पिता एसपी दुबे से बंद कमरे में करीब डेढ़ घंटे तक पूछताछ की है. पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है. एसएचओ लिखी कार से पहुंची पुलिस टीम ने मीडिया से बातचीत नहीं की. दरअसल, श्रद्धा दुबे का पैतृक आवास रायबरेली के रामजीपुरम में है. वहां श्रद्धा की सौतेली मां और पिता एसपी दुबे रहते हैं. 
श्रद्धा दुबे केस अपडेट: पुलिस के हाथ लगी फरार मॉडल की लोकेशन, कभी भी हो सकती है गिरफ्तारी या सरेंडर!

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More