)
श्रद्धा दुबे केस अपडेट:/लखनऊ: राजधानी लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा मौत मामले में लगातार नया मोड़ सामने आ रहा है। पुलिस की तमाम कोशिशों के बीच अब खबर आ रही है कि मुख्य आरोपी और फरार मॉडल श्रद्धा दुबे कानून के शिकंजे के बेहद करीब पहुंच चुकी है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर के जरिए श्रद्धा की लोकेशन का सुराग मिल गया है, जिसके बाद कभी भी उसकी गिरफ्तारी या सरेंडर की खबर सामने आ सकती है. 11 दिन से श्रद्धा दुबे की तलाश जारी है.
मुखबिर की सूचना से मिला सुराग
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस महकमे की विशेष टीमें लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थीं. मुखबिर से पुलिस को श्रद्धा दुबे की मूवमेंट और लोकेशन के बारे में पुख्ता जानकारी मिली है. पुलिस इस इनपुट के आधार पर लगातार अपनी दबिश दे रही है.आशंका है कि श्रद्धा को मदद या पनाह देने वालों की भूमिका की भी जांच की जा सकती है.
सरेंडर की फिराक में होने की भी चर्चा
श्रद्धा दुबे के सरेंडर करने की संभावना को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं.इससे पहले उसके अदालत में आत्मसमर्पण की अर्जी देने की खबरें सामने आई थीं. हालांकि, वह अब तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आई है. उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं. मामले की जांच जारी है और पुलिस की ओर से उसकी गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.
कई अन्य लोग भी आ सकते हैं जद में
इस पूरे घटनाक्रम में जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, पुलिस के रडार पर कई और नए नाम भी सामने आ रहे हैं. सूत्रों का कहना है कि श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी के बाद इस मामले से जुड़े कई राजफाश हो सकते हैं और कुछ अन्य संदिग्ध लोग भी कानून की कानूनी जद में आ सकते हैं. पुलिस कमिश्नरेट इस मामले में किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है.