)
Lucknow beats Indore in air quality rank: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने पर्यावरण और वायु गुणवत्ता के क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया है. राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत आयोजित 'स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026' में लखनऊ ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पर्यावरण मंत्रालय द्वारा कराए गए इस सर्वे में लखनऊ को सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला शहर घोषित किया गया है.
वर्ष 2024-25 के सर्वे में लखनऊ 15वें स्थान पर था। महज एक साल के भीतर 15वें पायदान से सीधे नंबर-1 पर पहुंचना शहर के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. इस शानदार प्रदर्शन के लिए लखनऊ नगर निगम को प्रोत्साहन राशि के रूप में 1.50 करोड़ रुपए का राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया है.
प्रतिष्ठित शहरों को पीछे छोड़कर हासिल किया मुकाम
10 लाख से अधिक आबादी वाले प्रमुख शहरों की श्रेणी में लखनऊ ने देश के कई बड़े और स्वच्छ माने जाने वाले शहरों को पीछे छोड़ दिया. वर्षों से स्वच्छता में आगे रहने वाले इंदौर को इस बार दूसरा स्थान मिला, जबकि मध्य प्रदेश का ही जबलपुर शहर तीसरे स्थान पर रहा.
इस बार के पुरस्कारों में सबसे खास बात यह रही कि पूरे उत्तर प्रदेश से लखनऊ ही एकमात्र ऐसा शहर है जिसने इस सूची में अपनी जगह बनाई और शीर्ष स्थान प्राप्त किया. यह उपलब्धि साबित करती है कि ठोस योजनाओं और जमीन पर किए गए निरंतर प्रयासों से हवा की गुणवत्ता में बड़ा सुधार लाया जा सकता है.
पेपर मिल कॉलोनी बना देश का सबसे बेहतरीन वार्ड
लखनऊ शहर के साथ-साथ यहां के एक वार्ड ने भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ी है. नगर निगम के जोन-4 में स्थित वार्ड नंबर-70, पेपर मिल कॉलोनी को देश का सबसे अच्छा वार्ड चुना गया है. 30 हजार से अधिक आबादी वाले वार्डों की श्रेणी में पेपर मिल कॉलोनी ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया. इस वार्ड में साफ-सफाई, हरियाली और वायु प्रदूषण को कम करने के लिए किए गए बेहतरीन कार्यों के चलते इसे 50 लाख रुपए के विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह स्थानीय स्तर पर किए गए सुधारों का एक बेहतरीन उदाहरण बनकर उभरा है.
नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह
इस उपलब्धि पर नई दिल्ली स्थित इंदिरा पर्यावरण भवन में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव और पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान ने सम्मिलित होकर यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त किया। समारोह में उपस्थित अधिकारियों और पर्यावरण विशेषज्ञों ने लखनऊ के इस मॉडल की सराहना की.
जनता के सहयोग और कुशल नेतृत्व का परिणाम
इस बड़ी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान मिलना हर लखनऊ वासी के लिए बेहद गर्व का क्षण है. उन्होंने इस सफलता का श्रेय राज्य सरकार के कुशल नेतृत्व, नगर विकास विभाग के मार्गदर्शन, नगर निगम के कर्मचारियों की दिन-रात की मेहनत और शहर के नागरिकों के सक्रिय सहयोग को दिया.
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उपलब्धि केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि पूरे लखनऊ की जनता की है. नगर निगम प्रशासन ने संकल्प जताया है कि आने वाले समय में भी शहर को अधिक स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाए रखने के लिए इसी ऊर्जा के साथ काम जारी रखा जाएगा.