App

कानपुर में बेखौफ दबंग: 4 सेकेंड में दागे 3 बम... गणेश विसर्जन यात्रा में धुआं फैलते ही भक्तों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा!

Kanpur Ganesh Visarjan Attack: कानपुर के गुजैनी थाना क्षेत्र में गणेश विसर्जन यात्रा के दौरान भक्तों पर हमला हुआ. हमलावरों ने 4 सेकेंड में 3 बम फोड़े. इसके बाद 2-3 राउंड फायरिंग की. धुआं फैलते ही भगदड़ मच गई. कुछ भक्त सड़क पर गिर गए. इसी दौरान करीब 15-20 हमलावरों ने उन्हें घेरकर लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया. जिसमें कई लोगों के घायल होने की खबर है.

कानपुर में बेखौफ दबंग: 4 सेकेंड में दागे 3 बम... गणेश विसर्जन यात्रा में धुआं फैलते ही भक्तों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा!

Kanpur Ganesh Visarjan Attack/ प्रवीण पांडे: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के गुजैनी थाना क्षेत्र में गणेश विसर्जन यात्रा के दौरान उस वक्त भगदड़ मच गई, जब फत्तेपुर गांव के पास बेखौफ दबंगों ने गणेश प्रतिमा विसर्जित करने जा रहे भक्तों पर अचानक हमला बोल दिया. हमलावरों ने महज 4 सेकेंड के भीतर तीन बम फोड़े, जिससे चारों तरफ धुआं फैल गया और यात्रा में अफरा-तफरी मच गई. इसके बाद करीब 15 से 20 हमलावरों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से भक्तों को घेरकर बर्बरता से पीटना शुरू कर दिया. इस हमले में महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

डीजे की धुन पर नाच रहे थे भक्त, अचानक हुआ धमाका
घटना का 46 सेकेंड का एक खौफनाक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. 46 सेकेंड के वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि भक्त डीजे की धुन पर नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे. यात्रा के आगे-पीछे बाइक सवार चल रहे थे. कुछ युवक मोबाइल से वीडियो बना रहे हैं. तभी अचानक पिकअप के आगे एक के बाद एक तीन बम फोड़े गए. धमाके के साथ धुआं फैलते ही चीख-पुकार मच गई. हमलावरों से अपनी जान बचाने के लिए यात्रा में शामिल लोग लोग इधर-उधर भागने लगे.

पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह
हनुमंत विहार के गल्ला मंडी केडीए कॉलोनी निवासी अर्पित शुक्ला ने पुलिस को बताया कि गुरुवार शाम करीब 5 बजे वह अपने दोस्त अंश शर्मा और अन्य लोगों के साथ प्रतिमा विसर्जित करने सेन पश्चिम थाना क्षेत्र की नहर की ओर जा रहे थे. यात्रा जैसे ही फत्तेपुर गांव पहुंची, वहां पहले से मौजूद राहुल भदौरिया, शोभित सिंह राणा ने अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर को रुकवा लिया. इसके बाद करीब 24 लोगों ने यात्रा को घेर लिया.

अर्पित के अनुसार, आरोपी शोभित पुराने मुकदमों को वापस लेने का दबाव बना रहा था. केस वापस न लेने की पुरानी खुन्नस में ही इस वारदात को अंजाम दिया गया. हमलावरों ने भक्तों को पीटने के अलावा कई बाइकों में तोड़फोड़ की और उनकी चाबियां भी निकाल लीं.

पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा, जांच जारी 
बवाल की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. एसीपी नौबस्ता अभिषेक कुमार राहुल और गुजैनी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने घायलों से घटना के संबंध में जानकारी ली और अंश, अर्पित, अविरल दुबे और बबली को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में फायरिंग की बात गलत पाई गई है. एक आरोपी राहुल भदौरिया को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More