)
Who is PCS Satyam Mishra: पीसीएस अफसर सत्यम मिश्रा को वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर का नया सीईओ बनाया गया है. इससे पहले लंबे समय से मंदिर के सीईओ रहे डॉ. विश्वभूषण मिश्रा का दो दिन पहले ही तबादला कर दिया गया था. उन्हें उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) का उप सचिव बनाया गया है. अब डॉ. विश्वभूषण मिश्रा की जगह सत्यम मिश्रा को काशी विश्वनाथ मंदिर की जिम्मेदारी सौंपी गई है. आइए जानते हैं कौन हैं पीसीएस अफसर सत्यम मिश्रा?.
कौन हैं सत्यम मिश्रा?
2015 बैच के पीसीएस अफसर सत्यम मिश्रा उत्तर प्रदेश के हरदोई के रहने वाले हैं. उनकी पढ़ाई लिखाई लखनऊ से हुई है. अभी तक वह प्रयागराज में अपर जिलाधिकारी पद पर तैनात थे. प्रयागराज से पहले वह मुरादाबाद में एडीएम वित्त एवं राजस्व रह चुके हैं. सत्यम मिश्रा बरेली, गाजीपुर, महराजगंज, चित्रकूट और रामपुर समेत कई जिलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. अब उन्हें वाराणसी भेजा गया है.
महाकुंभ में संभाली थी अहम जिम्मेदारी
सत्यम मिश्रा प्रयागराज महाकुंभ 2025 की भी कमान संभाल चुके हैं. महाकुंभ के दौरान उन्हें प्रोटोकाल का महत्वपूर्ण प्रभार दिया गया था. उन्होंने महाकुंभ 2025 के दौरान देशभर से आए लगभग 1 लाख 27 हजार विशिष्ट अतिथियों के स्टेशन-एयरपोर्ट से मेला क्षेत्र में पहुंचवाने से लेकर वहां रुकने और फिर संगम स्नान कराने की जिम्मेदारी संभाली थी. वह क्राउड मैनेजमेंट में माहिर हैं. यही वजह है कि योगी सरकार ने उन्हें काशी विश्वनाथ मंदिर का नया सीईओ बनाया है.
5 पीसीएस अधिकारियों का तबादला
सीएम योगी ने बुधवार यानी 16 सितंबर को सत्यम मिश्रा समेत पांच पीसीएस अफसरों का तबादला किया. पीसीएस अफसर मंगलेश दुबे को सहायक चकबंदी आयुक्त प्रयागराज (प्रतीक्षारत) से अपर जिलाधिकारी नगर प्रयागराज गया है. वहीं, अरविंद कुमार द्विवेदी को अपर जिलाधिकारी न्यायिक फिरोजाबाद से संयुक्त सचिव लखनऊ विकास प्राधिकरण, लखनऊ बनाया गया. सीमा पाण्डेय को अपर नगर आयुक्त नगर निगम वाराणसी से अपर जिलाधिकारी न्यायिक फिरोजाबाद बनाया गया. अभय कुमार पाण्डेय को कानपुर विकास प्राधिकरण (वेटिंग) से अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कासगंज से कानपुर विकास प्राधिकरण बनाया गया.